पाकिस्तान ने काबुल के अस्पताल पर किया बड़ा हमला, अब तक 400 से अधिक की मौत

पाकिस्तान ने काबुल के अस्पताल पर किया बड़ा हमला, अब तक 400 से अधिक की मौत
काबुल। पाकिस्तान ने सोमवार की देर रात अफगानिस्तान की राजधानी काबुल पर हवाई हमला कर दिया। अफगानिस्तान के उप सरकारी प्रवक्ता ने इस हमले के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में नशाखोरों का इलाज करने वाले एक अस्पताल को निशाना बनाया। इस हमले में मरने वालों की संख्या बढक़र 400 हो गई है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में, हमदुल्लाह फितरत ने कहा कि सोमवार रात हुए हमले में अस्पताल का बड़ा हिस्सा नष्ट हो गया। उन्होंने बताया कि अब तक मरने वालों की संख्या 400 हो गई है, जबकि 250 लोग घायल हुए हैं। फितरत ने कहा कि बचाव दल इमारत में लगी आग पर काबू पाने और पीडि़तों के शवों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
अस्पताल का अधिकांश हिस्सा नष्ट
अफगानिस्तानी स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शराफत जमान ने बताया कि अस्पताल का पूरा हिस्सा नष्ट हो गया है। अफगानिस्तान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने भी वीडियो पोस्ट किया। स्थानीय टेलीविजन स्टेशनों ने एक इमारत के मलबे में दमकलकर्मियों को आग बुझाने के लिए संघर्ष करते हुए फुटेज प्रसारित किया। यह कथित हमला अफगान अधिकारियों द्वारा दोनों पक्षों के बीच उनकी साझा सीमा पर गोलीबारी की घोषणा के कुछ घंटों बाद हुआ, जिसमें अफगानिस्तान में चार लोग मारे गए। पड़ोसी देशों के बीच वर्षों में सबसे भीषण संघर्ष तीसरे सप्ताह में प्रवेश कर गया है।
तालिबान ने कहा वार्ता का समय बीता
अफगानिस्तान में तालिबान सरकार के प्रवक्ता ने कहा है कि पाकिस्तान ने इस कार्रवाई के दौरान बेगुनाह लोगों को निशाना बनाया है। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि एयरस्ट्राइक अस्पताल पर की गई, जिससे बड़ी संख्या में लोग हताहत हुए हैं। काबुल में एयरस्ट्राइक के बाद तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने पाकिस्तान से बदला लेने की बात कही। उन्होंने कहा, बातचीत और कूटनीति का समय अब खत्म हो चुका है; हम पाकिस्तान से बदला लेंगे। तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद का बयान टोलो न्यूज पर प्रसारित हुआ। इसके मुताबिक उन्होंने कहा, काबुल में कुछ ठिकानों पर पाकिस्तानी सेना के हमलों के बाद, इस्लामाबाद के साथ कूटनीति और बातचीत का समय अब समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि बातचीत का रास्ता अपनाने के बजाय, अब तालिबान बदला लेने का इरादा रखता है।
अस्पताल पर हमले को कोई सही नहीं ठहरा सकता : भारत
अफगानिस्तान पर पाकिस्तान के हवाई हमले की भारत ने कड़ी निंदा की है। भारत ने पाकिस्तान को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कोई भी धर्म या कानून, अस्पताल पर हमले को सही नहीं ठहरा सकता। भारतीय विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा, ‘अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इस आपराधिक कृत्य के दोषियों को जवाबदेह ठहराना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि अफगानिस्तान में आम नागरिकों को मनमाने ढंग से निशाना बनाने का सिलसिला तुरंत बंद होना चाहिए। भारत शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है, और इस दुखद घड़ी में अफगानिस्तान की जनता के साथ एकजुटता से खड़ा है। हम अफग़ानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपने अटूट समर्थन को भी दोहराते हैं।



