महावीर जन्म कल्याणक पर धमतरी में विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

धमतरी(प्रखर)महावीर जन्म कल्याणक के 2625वें वर्ष के पावन अवसर पर आचार्य भगवान 1008 रामलाल जी म. सा. के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में समता युवा संघ धमतरी के तत्वावधान में एक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर स्व. चम्पाबाई लक्ष्मीचंद लुनिया की स्मृति में ताराचंद मूलचंद लुनिया परिवार द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसमें समस्त क्षेत्रवासियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
आयोजन के अंतर्गत स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ रक्तदान शिविर एवं शुगर जांच की सुविधा भी रहेगी। विशेष रूप से जयपुर फुट वितरण का कार्यक्रम भी रखा गया है, जिसमें जरूरतमंद दिव्यांगजनों को कृत्रिम पैर उपलब्ध कराए जाएंगे। इस कार्य में विनय मित्र मंडल रायपुर का सहयोग प्राप्त हो रहा है, जबकि लाभार्थियों की व्यवस्था भीखमचंद जी व प्यारीदेवी की पुण्य स्मृति में मिन्नी परिवार द्वारा की जा रही है।
यह स्वास्थ्य शिविर 28 मार्च 2026, शनिवार को प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक नया स्थानक भवन, सिहावा चौक, धमतरी में आयोजित होगा। शिविर में विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम अपनी सेवाएं देगी, जिसमें कैंसर, हृदय रोग, पेट रोग, हड्डी रोग, महिला रोग, त्वचा रोग, न्यूरो सर्जरी, बाल रोग सहित अन्य बीमारियों के विशेषज्ञ शामिल रहेंगे।
शिविर में डॉ. सौरभ जैन (कैंसर रोग विशेषज्ञ), डॉ. प्रणय जैन (हृदय रोग विशेषज्ञ), डॉ. मनीष जैन (पेट रोग विशेषज्ञ), डॉ. नमन पारख (हड्डी रोग विशेषज्ञ), डॉ. मिता राम कुमार (महिला रोग विशेषज्ञ), डॉ. याशा कांवड़िया (त्वचा रोग विशेषज्ञ), डॉ. अक्षय बेद (न्यूरो सर्जन) सहित अन्य चिकित्सक अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। इसके अतिरिक्त सामान्य चिकित्सा, होम्योपैथिक एवं आधुनिक समग्र चिकित्सा के विशेषज्ञ भी उपस्थित रहेंगे।
शिविर में आने वाले मरीजों के लिए निःशुल्क परामर्श, जांच एवं आवश्यक मार्गदर्शन की व्यवस्था की गई है। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
शिविर के सफल संचालन हेतु आयोजक – सकल जैन श्रीसंघ धमतरी अध्यक्ष आकाश गोलछा,सचिव अर्पित जैन,कोषाध्यक्ष अरिहंत लुणावत, रानू डागा, नीरज नाहर, निखिल कोटरिया , अंकित बांगानी, गोल्डी कोचर, नमन रायसोनी एवं खुशराज बाफना सहित अन्य कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। आयोजन का संचालन सकल जैन श्रीसंघ धमतरी द्वारा किया जा रहा है।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं। महावीर जन्म कल्याणक के इस अवसर पर आयोजित यह शिविर सेवा, समर्पण और मानवता की भावना को सशक्त रूप से प्रस्तुत करेगा।



