नौकायान प्रतियोगिता के उत्कृष्ट फोटो हेतु जिला प्रशासन की विशेष पहल

उत्कृष्ट फोटो को किया जाएगा पुरस्कृत
नौकायान प्रतियोगिता के फोटो 25 मार्च तक जमा कर सकते है
धमतरी-प्रखर जिले में हाल ही में आयोजित भव्य नौकायान प्रतियोगिता के रोमांचक एवं मनोहारी पलों को संरक्षित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विशेष उत्कृष्ट फोटो को पुरस्कृत किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा नौकायान उत्सव की यादगार झलकियों को व्यापक मंच प्रदान करना है।
उत्कृष्ट फ़ोटो प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रतिभागियों से नौकायान से संबंधित आकर्षक, सृजनात्मक एवं उच्च गुणवत्ता वाले फोटोग्राफ आमंत्रित किए गए हैं। प्रतिभागियों को अपने फोटो 12×15 इंच आकार में हार्ड कॉपी के साथ-साथ सॉफ्ट कॉपी में भी प्रस्तुत करना होगा। प्रत्येक प्रविष्टि के साथ प्रतिभागी का नाम, पूर्ण पता एवं मोबाइल नंबर अंकित करना अनिवार्य रहेगा।
इच्छुक प्रतिभागी अपने फोटोग्राफ मंगलवार, 25 मार्च 2026 शाम 5.00 बजे तक जिला जनसंपर्क कार्यालय, कलेक्ट्रेट परिसर धमतरी में जमा कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के पश्चात प्राप्त प्रविष्टियों पर विचार नहीं किया जाएगा, अतः समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।
प्राप्त प्रविष्टियों का मूल्यांकन विशेषज्ञ समिति द्वारा किया जाएगा, जिसमें रचनात्मकता, विषयवस्तु, तकनीकी गुणवत्ता एवं प्रस्तुति को प्रमुख आधार बनाया जाएगा। उत्कृष्ट फोटोग्राफ को पुरस्कृत किए जाने के साथ ही चयनित तस्वीरों को जिला स्तरीय प्रदर्शनियों एवं शासकीय प्रकाशनों में भी स्थान दिया जाएगा।
इस संबंध में अधिक जानकारी हेतु उप संचालक, जिला जनसंपर्क कार्यालय धमतरी श्री शशिरत्न पाराशर से मोबाइल नंबर 62612-66449 पर संपर्क किया जा सकता है।



