रामनवमी शोभायात्रा को लेकर धमतरी पुलिस अलर्ट मोड में, सुनियोजित रूटचार्ट और कड़े सुरक्षा इंतजाम लागू

धमतरी- रामनवमी पर्व के अवसर पर निकलने वाली भव्य शोभायात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए धमतरी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पुलिस द्वारा शोभायात्रा मार्ग का सूक्ष्म निरीक्षण कर विस्तृत रूटचार्ट तैयार किया गया है तथा यातायात को सुगम बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
पुलिस प्रशासन ने जानकारी दी कल रामनवमी के दिन शहर के भीतर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा शाम 4:00 बजे से शोभायात्रा की समाप्ति तक घड़ी चौक से विंध्यवासिनी मंदिर मार्ग तक सभी प्रकार के छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। आम नागरिकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।
यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए विभिन्न दिशाओं से आने-जाने वाले वाहनों हेतु वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। जगदलपुर से रायपुर जाने वाले वाहन श्यामतराई बायपास से होकर गुजरेंगे, वहीं दुर्ग की ओर से आने वाले वाहन बायपास मार्ग से खपरी होते हुए अर्जुनी मोड़ और सिहावा चौक के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इसी प्रकार रायपुर से जगदलपुर जाने वाले वाहनों को संबलपुर एवं श्यामतराई बायपास मार्ग का उपयोग करना होगा। नगरी-सिहावा और बोरई की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी नहर नाका, शांति कॉलोनी, सिहावा चौक और अर्जुनी मोड़ होते हुए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस ने विशेष सतर्कता बरतते हुए असामाजिक तत्वों, गुंडा-बदमाशों एवं चाकूबाजों पर कड़ी नजर रखने की रणनीति बनाई है। शोभायात्रा के दौरान सादी वर्दी में पुलिस जवान तैनात रहेंगे तथा शहर के प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों की सतत निगरानी की जाएगी।
इसके अलावा शोभायात्रा मार्ग पर बैरिकेडिंग, स्टॉपर और ड्यूटी पॉइंट्स स्थापित किए गए हैं, जिससे यातायात सुचारू बना रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। पुलिस द्वारा आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा गया है कि यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति दिखाई दे तो तत्काल नजदीकी पुलिस अधिकारी को सूचित करें या कंट्रोल रूम धमतरी के मोबाइल नंबर 94791-92299 पर जानकारी दें।
धमतरी पुलिस के इन व्यापक इंतजामों से स्पष्ट है कि प्रशासन रामनवमी शोभायात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



