छत्तीसगढ़

महापौर रामू रोहरा के प्रयासों से धमतरी के स्कूलों को 90 लाख की सौगात, प्रार्थना शेड व बुनियादी सुविधाओं का होगा विस्तार


धमतरी। जिले के शासकीय स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। महापौर श्री रामू रोहरा के विशेष प्रयासों से स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा विभिन्न विद्यालयों में लघु निर्माण कार्यों हेतु कुल 90 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस राशि से प्रार्थना शेड, टिन शेड निर्माण एवं आवश्यक मरम्मत कार्य किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा।

स्वीकृत कार्यों में प्राथमिक शाला भोथली में 5 लाख रुपये की लागत से प्रार्थना शेड, माध्यमिक शाला सारंगपुरी में 10 लाख रुपये से टिन शेड एवं प्रार्थना शेड, तथा माध्यमिक शाला भोथली में 5 लाख रुपये से मरम्मत और 10 लाख रुपये से प्रार्थना शेड निर्माण शामिल है। इसी प्रकार माध्यमिक शाला कसावाही में 10 लाख रुपये की लागत से प्रार्थना शेड बनाया जाएगा।

इसके अतिरिक्त शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पीपरछेड़ी एवं श्यामतराई में 10-10 लाख रुपये की स्वीकृति प्रार्थना शेड निर्माण के लिए दी गई है। वहीं प्राथमिक शाला मुजगहन में 5 लाख रुपये से टिन शेड तथा माध्यमिक शाला बेलतरा एवं शंकरदाह में 10-10 लाख रुपये की लागत से प्रार्थना शेड का निर्माण किया जाएगा।

महापौर श्री रामू रोहरा ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन कार्यों से विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और शिक्षा का वातावरण और अधिक सुदृढ़ होगा।

प्रशासन द्वारा सभी स्वीकृत कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों को इसका लाभ जल्द मिल सके।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button