धमतरी जिले के विद्यार्थियों का राजभवन में सम्मान, ‘मैं हूँ गुल्लक’ अभियान को मिली सराहना

धमतरी(प्रखर)जिले के लिए गर्व और खुशी का अवसर रहा, जब छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका द्वारा राजधानी रायपुर स्थित लोक भवन में आदिवासी अंचल बेलरगांव क्षेत्र के होनहार 28 विद्यार्थियों एवं उनके 10 शिक्षकों का सम्मान किया गया। इस सम्मान समारोह में बच्चों की प्रतिभा और शिक्षकों के योगदान की भूरी-भूरी प्रशंसा की गई।
कार्यक्रम के दौरान ‘मैं हूँ गुल्लक’ अभियान को भी विशेष रूप से सराहा गया। राज्यपाल ने बच्चों को गुल्लक भेंट करते हुए इस पहल को बचत और जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इसी अवसर पर ‘मैं हूँ गुल्लक’ पुस्तिका का विमोचन भी राज्यपाल के करकमलों से किया गया।
राज्यपाल ने शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं सेवा कार्यों में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए प्रत्येक बच्चे को 5000 रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की।
इस अवसर पर गरिमा पलक साहू (कक्षा 7वीं) द्वारा तैयार किए गए एआई वीडियो की भी राज्यपाल ने विशेष प्रशंसा की और इसे नवाचार एवं रचनात्मकता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में उप सचिव श्रीमती निधि साहू सहित अन्य अधिकारी एवं स्टाफ उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
समापन में आयोजकों द्वारा राज्यपाल महोदय, उप सचिव एवं समस्त स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया गया।



