छत्तीसगढ़

छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग के लिए 25.04 करोड़ की स्वीकृति

ग्राम वासियों ने महापौर रामू रोहरा का जताया आभार

धमतरी। छाती, गागरा, कंडेल से देवपुर तक लगभग 9 किलोमीटर लंबाई के सड़क निर्माण कार्य हेतु 25.04 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र के ग्रामवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। लंबे समय से इस मार्ग के निर्माण की मांग की जा रही थी, जिसके पूर्ण होने से क्षेत्रीय आवागमन सुगम होगा और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।

इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के बाद छाती, गागरा, कंडेल एवं देवपुर के ग्रामवासी बड़ी संख्या में नगर निगम कार्यालय पहुंचे और महापौर श्री रामू रोहरा से मुलाकात कर उनका आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। ग्रामीणों ने कहा कि इस मार्ग के निर्माण से न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य एवं व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

इस दौरान ग्रामवासियों ने अपनी बहुप्रतीक्षित मांग पिपरछेड़ी में पुलिया निर्माण को लेकर भी महापौर से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बताया कि पुलिया के अभाव में बरसात के समय आवागमन बाधित हो जाता है, जिससे ग्रामीणों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। महापौर ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए शासन से स्वीकृतियां दिलाई जा रही हैं और भविष्य में भी विकास कार्यों की गति बनाए रखी जाएगी।

ग्रामवासियों ने महापौर के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह सड़क क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

कार्यक्रम में दिनेश्वरी साहू (जनपद सदस्य कंडेल), गिरधर सार्वा (सरपंच कंडेल), रामाधार साहू (पूर्व जनपद सदस्य), रोशन साहू (जनपद सदस्य प्रतिनिधि), कृपाराम साहू (पूर्व सरपंच पीपरछेड़ी) सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button