छत्तीसगढ़

जिले में सड़क अधोसंरचना को नई मजबूती, करोड़ों की स्वीकृति से विकास को मिलेगा गति


धमतरी- जिले के समग्र विकास को नई रफ्तार देने और ग्रामीण अंचलों को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। शासन द्वारा जिले की प्रमुख सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन के लिए करोड़ों रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे आवागमन सुगम होने के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी नया बल मिलेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजनांदगांव–गुंडरदेही–धमतरी–नगरी–सिहावा–बोरई मार्ग के 19 किलोमीटर लंबे खंड के निर्माण हेतु 12 करोड़ 21 लाख 5 हजार 400 रुपए स्वीकृत किए गए हैं। यह महत्वपूर्ण मार्ग क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने के साथ ही आसपास के जिलों के बीच आवाजाही को और आसान बनाएगा।
इसके अतिरिक्त सिहावा–बोराई मार्ग तथा बिंद्रा–नवागांव सड़क के चौड़ीकरण कार्य को भी मंजूरी दी गई है। धमतरी से बेंद्रा नवागांव तक 2.8 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 5 करोड़ 7 लाख 52 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। वहीं मेघा रोड तिराहा से स्टेशन चरमूडिया (एनएच-30) तक 3.75 किलोमीटर सड़क उन्नयन के लिए 18 करोड़ 24 लाख 58 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित होगी। विशेष रूप से दूरस्थ गांवों के नागरिकों को स्वास्थ्य, शिक्षा एवं बाजार तक पहुंचने में बड़ी सुविधा मिलेगी। किसानों को अपनी उपज समय पर मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि की संभावनाएं बढ़ेंगी। साथ ही परिवहन लागत में कमी आने से स्थानीय व्यापार और लघु उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा।
कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि जिले के संतुलित एवं समावेशी विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण सड़क अधोसंरचना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इन सड़कों के निर्माण से न केवल आवागमन में सुधार होगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। निर्माण कार्यों के दौरान स्थानीय स्तर पर श्रमिकों को रोजगार मिलने की संभावना भी बढ़ेगी।
कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाएं समय-सीमा में पूर्ण कर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाए। साथ ही गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि सड़क अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण से जिले में पर्यटन, कृषि एवं व्यापारिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी, जिससे धमतरी जिले के समग्र विकास को और अधिक गति मिलने की उम्मीद है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button