छत्तीसगढ़

भगवान महावीर जयंती की शुभकामनाएं, अहिंसा और सत्य के मार्ग पर चलने का किया आह्वान- निशु चन्द्राकर


धमतरी। जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष निशु चन्द्राकर ने भगवान महावीर जयंती के पावन अवसर पर शहरवासियों एवं जैन समाज को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में भगवान महावीर के बताए सिद्धांतों को आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए सभी से उनके मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
निशु चन्द्राकर ने कहा कि भगवान महावीर का जीवन त्याग, तपस्या और मानव कल्याण की भावना से परिपूर्ण था। उन्होंने अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह और करुणा का जो संदेश दिया, वह समाज को एकजुट रखने और शांति स्थापित करने का सबसे सशक्त माध्यम है। वर्तमान समय में जब समाज विभिन्न चुनौतियों का सामना कर रहा है, ऐसे में उनके विचार हमें सही दिशा दिखाते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि महावीर जयंती केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि आत्मचिंतन और आत्मशुद्धि का अवसर है। इस दिन हमें अपने जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने और दूसरों के प्रति दया, सहिष्णुता एवं सम्मान का भाव रखने का संकल्प लेना चाहिए।
निशु चन्द्राकर ने जैन समाज की सराहना करते हुए कहा कि समाज द्वारा इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों के माध्यम से आध्यात्मिक चेतना का प्रसार किया जाता है, जिससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि भगवान महावीर के सिद्धांतों को अपनाकर समाज में आपसी भाईचारा और सौहार्द और अधिक मजबूत होगा।
अंत में उन्होंने समस्त शहरवासियों एवं जैन समाज के लोगों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए पुनः भगवान महावीर जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button