छत्तीसगढ़

मनेंद्रगढ़ छात्रावास में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, ABVP ने सौंपा ज्ञापन—7 दिन में सुधार नहीं तो आंदोलन की चेतावनी


मनेंद्रगढ़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) मनेंद्रगढ़ इकाई द्वारा अनुसूचित जनजाति छात्रावास में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (SDM) को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र सुधार की मांग की गई। परिषद के कार्यकर्ताओं ने बताया कि छात्रावास में रहने वाले छात्र मूलभूत सुविधाओं के अभाव में अत्यंत कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई और दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन में बताया गया कि छात्रावास परिसर में बोरवेल की व्यवस्था नहीं है, स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं हो रहा है तथा भीषण गर्मी के बावजूद वाटर कूलर की सुविधा भी नहीं है। इन समस्याओं के कारण छात्रों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर मंत्री बिजेंद्र मिश्रा ने कहा कि छात्रावास में मूलभूत सुविधाओं का अभाव अत्यंत गंभीर विषय है। छात्रों को पानी जैसी आवश्यक सुविधा भी उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जो प्रशासन की बड़ी लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो परिषद उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
वहीं नगर सह मंत्री महेश कौशिक ने कहा कि भीषण गर्मी के समय छात्रों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन को इस मामले को प्राथमिकता में लेकर तत्काल समाधान करना चाहिए।
परिषद ने प्रशासन से मांग की है कि छात्रावास की सभी समस्याओं का जल्द निराकरण किया जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छात्र हित में उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button