ग्राम पंचायत डाही में हाई स्कूल व माध्यमिक शाला शेड निर्माण का भूमि पूजन

धमतरी। ग्राम पंचायत डाही में हाई स्कूल एवं माध्यमिक शाला परिसर में बनने वाले शेड निर्माण कार्य का भूमि पूजन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रंजना साहू की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि के रूप में डीपेंद्र साहू शामिल हुए।
भूमि पूजन कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि स्कूल परिसर में शेड निर्माण होने से विद्यार्थियों को धूप और बारिश से राहत मिलेगी तथा विभिन्न शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन में भी सुविधा होगी।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल के महामंत्री राकेश साहू, पूर्व महामंत्री कालिदास सिन्हा, वरिष्ठ भाजपा नेता भगत यादव, मंडल अध्यक्ष अमन राव, ग्राम पंचायत की सरपंच सुमन देवांगन सहित पंचायत प्रतिनिधि, स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में सभी अतिथियों और ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत डाही के नागरिकों को शेड निर्माण कार्य की स्वीकृति एवं शुरुआत के लिए बधाई देते हुए जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण होने की शुभकामनाएं दीं।



