छत्तीसगढ़

धमतरी में ऑनलाइन IPL सट्टा पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार


मोबाइल, सिम और स्कूटी सहित 1.20 लाख रुपये का सामान जब्त, भेजा गया जेल


धमतरी। जिले में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा के खिलाफ धमतरी पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैधानिक गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बनियापारा निवासी शंकर मंगलानी (39 वर्ष) अपने मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन लिंक के जरिए आईपीएल क्रिकेट मैच में सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड और एक स्कूटी (CG 05 AN 6048) जब्त की गई। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 20 हजार 500 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7(1) के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। साथ ही मामले की विवेचना जारी है और मोबाइल नंबरों के माध्यम से इस सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Author Desk

Related Articles

Back to top button