वाटर एंबुलेंस बनी जीवनरक्षक, सर्पदंश पीड़ित को मिला समय पर उपचार

गंगरेल डैम के टेमली आइलैंड में काम के दौरान मजदूर पर गिरा सांप, वाटर एंबुलेंस से त्वरित रेस्क्यू
धमतरी(प्रखर) गंगरेल बांध के डूबान क्षेत्र में मरीजों को त्वरित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई वाटर एंबुलेंस सेवा अब लोगों के लिए वरदान साबित होने लगी है। सोमवार को इस सेवा के माध्यम से सर्पदंश के शिकार एक मजदूर को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई गई।
मिली जानकारी के अनुसार सिरपुर निवासी 26 वर्षीय शंकर कमार टेमली आइलैंड में कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसके ऊपर सांप गिर गया, जिससे उसके सिर में जलन शुरू हो गई और उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। ठेकेदार द्वारा तुरंत गंगरेल ब्लू एडवेंचर को सूचना दी गई, जिसके बाद वाटर एंबुलेंस को मौके पर रवाना किया गया।
वाटर एंबुलेंस की मदद से शंकर कमार को तुरंत टेमली आइलैंड से किनारे लाया गया, जहां पहले से मौजूद 108 एंबुलेंस के जरिए उसे जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया गया। डॉक्टरों द्वारा इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि सूचना मिलने के लगभग 15 से 20 मिनट के भीतर ही रेस्क्यू कर मरीज को किनारे लाया गया। गंगरेल बांध के डूबान क्षेत्र में पहले मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में एक घंटे से अधिक समय लग जाता था, जिससे कई बार मरीजों की स्थिति गंभीर हो जाती थी।
विधायक और कलेक्टर ने की सराहना
क्षेत्रीय विधायक ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि डूबान क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को देखते हुए वाटर एंबुलेंस सेवा शुरू की गई है, जिससे अब जरूरतमंद मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा। वहीं कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने बताया कि टेमली आइलैंड में कार्यरत मजदूर को सर्पदंश के बाद वाटर एंबुलेंस के माध्यम से सुरक्षित रेस्क्यू कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
जिला प्रशासन द्वारा शुरू की गई यह वाटर एंबुलेंस सेवा डूबान क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए राहत का बड़ा माध्यम बनती जा रही है।



