पार्षद कुलेश सोनी की तत्परता से भीषण आग पर पाया गया काबू, बड़ा हादसा टला

धमतरी। भीषण गर्मी और तेज गर्म हवाओं के बीच शहर के इंडोर स्टेडियम के रिहायशी क्षेत्र से लगे स्थान पर रखी लकड़ियों में अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। आगजनी स्थल के पास काफी भीड़भाड़ थी और पास ही विवाह समारोह के लिए मंडप भी सजा हुआ था, जिससे लोगों में भय और चिंता का वातावरण बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही अंबेडकर वार्ड के पार्षद कुलेश सोनी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल आसपास मौजूद लोगों की मदद से बाल्टी और अन्य माध्यमों से पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कराया तथा वैकल्पिक व्यवस्था भी करवाई।
इसके बाद नगर निगम को सूचना दी गई, जिस पर अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचा और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझ जाने से एक बड़ा हादसा टल गया और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।
इस दौरान पार्षद कुलेश सोनी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि इन दिनों तापमान लगभग 45 डिग्री के आसपास पहुंच रहा है और गर्म हवाओं के कारण आग लगने की घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में सभी नागरिकों को सतर्क रहते हुए लापरवाही से बचना चाहिए और कहीं भी असावधानीपूर्वक ज्वलनशील वस्तुएं न रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।



