छत्तीसगढ़

नगर पंचायत भखारा क्षेत्र मे सीसी रोड निर्माण शुरू

भखारा। नगर पंचायत भखारा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नगरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न वार्डों में सड़क और नाली निर्माण कार्य शुरू किए गए हैं। इसी कड़ी में नगर के वार्ड क्रमांक 12 एवं 13 में सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन मंगलवार को किया गया।
भूमिपूजन कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष ज्योति जैन, उपाध्यक्ष विष्णु साहू, विधायक प्रतिनिधि हरख जैन, पार्षद हितेन्द्र साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर निर्माण कार्य की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई। निर्माण कार्य का जिम्मा ठेकेदार रामकृष्ण नेताम और राजू सेन को सौंपा गया है। कार्यक्रम में धनेश्वर सोन और लोकेश्वर साहू सहित वार्डवासी भी मौजूद रहे।
इसी तरह शुक्रवार को नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 6 में पार्षद चांदनी साहू के द्वारा भटेली क्षेत्र में सीसी रोड और नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत के सीएमओ हरिकिशन पावरिया भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जानकी रवाल, जनिता सफहा, गोदावरी साहू, केदार निर्मलकर, ठेकेदार दिनेश यादव और हेमनारायण साहू सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे।
पार्षद चांदनी साहू ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से सड़क और नाली की समस्या बनी हुई थी, जिससे खासकर छोटे-छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी होती थी। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती थी। नागरिकों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत के माध्यम से सीसी रोड और नाली निर्माण का कार्य स्वीकृत कराया गया है, जो अब तेजी से शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और जल निकासी की समस्या भी समाप्त हो जाएगी। नगर पंचायत द्वारा शहर के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा रहे हैं, ताकि नगरवासियों को बेहतर सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगर के सर्वांगीण विकास के लिए सभी वार्डों में लगातार निर्माण कार्य किए जा रहे हैं और आगे भी नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुसार विकास योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं वार्डवासियों ने भी सड़क और नाली निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button