छत्तीसगढ़

मैदान में उतरे कलेक्टर, विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता पर कड़ी नजर


खेती, नर्सरी और दुग्ध केंद्र से बढ़ेगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था
दरबा, कोटगांव और भाटागांव में विकास कार्यों का निरीक्षण


धमतरी- जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं आजीविका संवर्धन कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के उद्देश्य से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज कुरूद विकासखंड के ग्राम दरबा, कोटगांव और भाटागांव का भ्रमण कर स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर पहले ग्राम दरबा पहुंचे, जहां किसानों द्वारा की जा रही गेंदा फूल की खेती का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों से संवाद कर उत्पादन, लागत, विपणन व्यवस्था और आय संवर्धन के पहलुओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि उद्यानिकी आधारित गतिविधियां किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने अधिकारियों को फूलों की खेती को प्रोत्साहित करने, किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन देने तथा बाजार से बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद ग्राम कोटगांव में औषधि पादप बोर्ड के माध्यम से विकसित की जा रही औषधीय नर्सरी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न औषधीय पौधों के संरक्षण, संवर्धन और उत्पादन की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने नर्सरी के सुव्यवस्थित विकास, पौधों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा स्थानीय युवाओं को इससे जोड़कर रोजगार के अवसर सृजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औषधीय खेती किसानों के लिए लाभकारी होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के संवर्धन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
भ्रमण के दौरान ग्राम भाटागांव में निर्माणाधीन दुग्ध कलेक्शन सेंटर का भी औचक निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और निर्धारित समयसीमा की जानकारी लेते हुए कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुग्ध कलेक्शन सेंटर शुरू होने से क्षेत्र के पशुपालकों को उचित मूल्य पर दुग्ध विक्रय की सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे। इसके लिए मैदानी स्तर पर सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा और योजनाओं के क्रियान्वयन में नवाचार व समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कुरूद अमित सेन, एसडीओ आरईएस विनोद दीवान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button