छत्तीसगढ़

सोशल मीडिया के छिपे खतरे: बहनों-बेटियों की सुरक्षा को लेकर हिन्दू जागरण मंच का जागरूकता अभियान


धमतरी(प्रखर) डिजिटल युग में सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग के बीच बहनों-बेटियों की सुरक्षा को लेकर हिन्दू जागरण मंच, जिला धमतरी द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। संगठन ने समाज को सचेत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म केवल संवाद का माध्यम ही नहीं रह गए हैं, बल्कि कई बार फर्जी पहचान, भावनात्मक भ्रम और विश्वास के दुरुपयोग का जरिया भी बन जाते हैं।
मंच के जिला पदाधिकारियों ने बताया कि अनेक मामलों में अनजान लोग सोशल मीडिया पर नकली प्रोफाइल बनाकर मित्रता बढ़ाते हैं, विश्वास हासिल करते हैं और बाद में निजी जानकारी या भावनात्मक स्थिति का फायदा उठाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में युवतियों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। बिना सत्यापन किसी पर भरोसा न करें और किसी भी प्रकार के दबाव या प्रलोभन में आकर जल्दबाजी में निर्णय न लें।
संगठन ने युवतियों को सलाह दी है कि अनजान प्रोफाइल से दूरी बनाए रखें और किसी भी व्यक्ति की पहचान की पुष्टि किए बिना संवाद न बढ़ाएं। मोबाइल नंबर, फोटो, लोकेशन जैसी निजी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें और ऑनलाइन रिश्तों को समय देकर ही कोई निर्णय लें।
यदि किसी प्रकार की संदिग्ध स्थिति उत्पन्न होती है तो तुरंत अपने परिवार या पुलिस प्रशासन से संपर्क करने की अपील भी की गई है। साथ ही अभिभावकों से आग्रह किया गया है कि वे अपने बच्चों के डिजिटल व्यवहार पर नजर रखें और समय-समय पर उन्हें सही मार्गदर्शन दें।
हिन्दू जागरण मंच ने अपने संदेश में कहा कि “जागरूकता ही सुरक्षा है। सोच-समझकर उठाया गया हर कदम भविष्य को सुरक्षित बनाता है।” संगठन ने दोहराया कि बहनों-बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए वह निरंतर सक्रिय है और समाज में सुरक्षित व जागरूक वातावरण के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button