पत्नी से विवाद के बाद गुस्से में आकर जीजा ने सालियों पर चलाई गोली, एक की मौत, एक गंभीर

पत्नी से विवाद के बाद गुस्से में आकर जीजा ने सालियों पर चलाई गोली, एक की मौत, एक गंभीर
रायपुर। राजधानी के मोवा-पंडरी इलाके में पारिवारिक विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से दो सालियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में एक युवती की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर ने मीडिया को बताया कि पारिवारिक विवाद में गोली चलने की घटना सामने आई है। आरोपी जितेंद्र वर्मा और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से दोनों सालियों पर गोली मार दी। पुलिस कमिश्नरेट की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवती की पहचान गीतांजलि के रूप में हुई है, जबकि घायल युवती दुर्गेश्वरी बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने गीतांजलि के माथे पर नजदीक से गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दुर्गेश्वरी को गंभीर हालत में तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। आरोपी जितेंद्र वर्मा का मंगलवार रात अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने के बाद गुस्से में आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और घर में मौजूद अपनी दोनों सालियों पर फायरिंग कर दी।
गोली लगते ही दोनों युवतियां गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं। परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार घायल युवती की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस और पुलिस कमिश्नरेट की टीम मौके पर पहुंच गई। इलाके को घेरकर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी जितेंद्र वर्मा को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त कर ली गई है।



