महावीर चौक भखारा हत्या कांड में फरार आरोपी गिरफ्तार, एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल

भखारा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सभी आरोपियों पर कसा शिकंजा – गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
धमतरी। महावीर चौक भखारा में हुई बुजुर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर थाना भखारा पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना भखारा में अपराध क्रमांक 48/2026 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। प्रार्थी संतोष निर्मलकर निवासी भखारा की रिपोर्ट पर बताया गया कि 06 मई 2026 की रात महावीर चौक भखारा में पुराने लेन-देन और मोटरसाइकिल एक्सीडेंट की बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने मिलकर मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान घटना में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक ने धारदार चाकू से अन्नु निर्मलकर के गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अन्नु निर्मलकर को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना भखारा पुलिस मौके पर पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए। मामले में पुलिस ने पहले ही आरोपी चिरंजीवी दीवान उर्फ चीकू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था। वहीं घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी राहुल कंवर उर्फ राहुल बटन उर्फ सरकार (20 वर्ष), निवासी भखारा को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



