छत्तीसगढ़

ग्राम कोर्रा में गौमाता के साथ अप्राकृतिक कृत्य करने वाला आरोपी गिरफ्तार, भखारा पुलिस की त्वरित कार्रवाई


धमतरी। थाना भखारा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोर्रा में पशु के प्रति क्रूरता एवं अश्लील अप्राकृतिक कृत्य के मामले में पुलिस ने त्वरित एवं सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आरोपी के विरुद्ध वैधानिक धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कोर्रा के ग्रामीणों एवं सरपंच द्वारा थाना भखारा में लिखित शिकायत दी गई थी कि गांव में एक व्यक्ति द्वारा गौमाता के साथ अश्लील एवं अप्राकृतिक कृत्य किया गया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए भखारा पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की।
जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आरोपी राजु गनीर उर्फ वेदप्रकाश गनीर (38 वर्ष) पिता तामेश्वर गनीर, निवासी ग्राम कोर्रा, थाना भखारा, जिला धमतरी के विरुद्ध प्रथम दृष्टया अपराध प्रमाणित पाया गया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(क) के तहत मामला दर्ज किया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पशुओं के प्रति क्रूरता एवं इस प्रकार के घृणित कृत्यों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button