विश्व नर्स दिवस पर रेडक्रॉस ने किया नर्सों का सम्मान, सेवा भावना को किया नमन

धमतरी। विश्व नर्स दिवस के अवसर पर इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा धमतरी द्वारा जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत नर्सों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर नर्सों को बुके एवं पेन भेंट कर उनके समर्पण, सेवा भावना और मानवता के प्रति उत्कृष्ट योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में रेडक्रॉस वाइस चेयरमैन शिवा प्रधान, जिला संगठक आकाश गिरी गोस्वामी, जिला प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य गुरुशरण साहू, प्रेमशंकर चौबे, खोमनलाल साहू, आजीवन सदस्य ऋतु प्रधान, मोहिनी साहू, हेमकृष्ण साहू सहित पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों की विशेष उपस्थिति रही।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं, जो दिन-रात मरीजों की सेवा में तत्पर रहती हैं। उनका योगदान केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि वे मरीजों को मानसिक संबल, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
रेडक्रॉस पदाधिकारियों ने कहा कि जब भी समाज किसी संकट या बीमारी से जूझता है, तब नर्सें सबसे आगे खड़ी नजर आती हैं। उनका धैर्य, मेहनत, संवेदनशीलता और सेवा भाव समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे कर्मयोगियों का सम्मान करना पूरे समाज का दायित्व है।
कार्यक्रम के दौरान नर्सों ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा रेडक्रॉस द्वारा किए गए इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सम्मान से कार्य के प्रति उत्साह और जिम्मेदारी की भावना और अधिक मजबूत होती है।
कार्यक्रम में रेडक्रॉस के पदाधिकारी, जूनियर एवं यूथ रेडक्रॉस के स्वयंसेवक तथा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सम्मान समारोह का वातावरण उत्साह, सम्मान और सेवा भावना से परिपूर्ण रहा।



