किल्लत : पेट्रोल संकट गहराया, कई पंप बंद, रातभर लगी वाहनों की लंबी कतारें

किल्लत : पेट्रोल संकट गहराया, कई पंप बंद, रातभर लगी वाहनों की लंबी कतारें
रायपुर। राजधानी समेत प्रदेश के कई शहरों में बुधवार को पेट्रोल-डीजल की सप्लाई प्रभावित होने से हड़कंप की स्थिति बन गई। राजधानी में अचानक कई पेट्रोल पंपों के बंद होने और ईंधन खत्म होने की खबर फैलते ही लोग बड़ी संख्या में पेट्रोल भरवाने के लिए घरों से निकल पड़े। देखते ही देखते शहर के प्रमुख पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं और देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जानकारी के मुताबिक, करीब एक दर्जन पेट्रोल पंपों पर समय पर सप्लाई नहीं पहुंच सकी। वहीं दूसरी ओर पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने की आशंका के चलते कुछ पंप संचालकों ने बिक्री अस्थायी रूप से रोक दी, जिससे हालात और बिगड़ गए। शाम ढलते-ढलते शहर के कई इलाकों में पेट्रोल पंप पूरी तरह बंद हो गए। इसका सबसे ज्यादा असर रोजाना वाहन चलाने वाले लोगों, ऑफिस कर्मचारियों और ट्रांसपोर्ट कारोबार पर पड़ा। सरोना, भाठागांव, विधानसभा रोड, देवेन्द्र नगर और जयस्तंभ चौक जैसे प्रमुख इलाकों में लोग घंटों तक पेट्रोल के लिए भटकते रहे।
कई जगहों पर पंप बंद होने की सूचना मिलते ही वाहन चालकों में बेचैनी बढ़ गई। लोग एक पंप से दूसरे पंप तक दौड़ते नजर आए। जिन पेट्रोल पंपों पर सप्लाई उपलब्ध थी, वहां दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। कई लोगों को घंटों इंतजार के बाद भी ईंधन नहीं मिल पाया। इस बीच पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने कहा कि सप्लाई बाधित होने के पीछे भुगतान में देरी भी एक बड़ा कारण हो सकता है। एसोसिएशन के अनुसार तेल कंपनियों और डीलर्स के बीच वित्तीय समन्वय में आई परेशानी का असर अब सीधे आम लोगों पर दिखाई देने लगा है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सप्लाई सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।
शहर में अचानक बने इस संकट ने प्रशासन की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते स्थिति स्पष्ट की जाती और पर्याप्त सप्लाई सुनिश्चित की जाती, तो इस तरह अफरा-तफरी की नौबत नहीं आती। फिलहाल राजधानी के लोग इस उम्मीद में हैं कि गुरुवार तक पेट्रोल और डीजल की सप्लाई सामान्य हो जाएगी।



