छत्तीसगढ़ में अमित शाह का मेगा सुरक्षा मिशन: नक्सल ऑपरेशनों और सुरक्षा हालात पर होंगी हाईलेवल बैठकें

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 17 मई को राजधानी पहुंचेगे
रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कल 17 से 19 मई तक छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनका फोकस राज्य में नक्सल विरोधी अभियानों, सुरक्षा व्यवस्था और विकास कार्यों की जमीनी समीक्षा पर रहेगा। गृह मंत्री 17 मई की शाम रायपुर पहुंचेंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद 18 मई को राजधानी में डायल-112 इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेवा का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम के बाद वे बस्तर संभाग के जगदलपुर रवाना होंगे, जहां सुरक्षा हालात और नक्सल ऑपरेशनों को लेकर उच्च स्तरीय बैठकें होने की संभावना है। अमित शाह के इस दौरे को राज्य में नक्सल मोर्चे पर सरकार की रणनीति और विकास योजनाओं के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम तय
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम तय हो गया है। तीन दिवसीय प्रवास के दौरान वे रायपुर और बस्तर में सुरक्षा, विकास और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े कई अहम कार्यक्रमों में शामिल होंगे। अमित शाह रविवार रात 8:15 बजे रायपुर पहुंचेंगे और राजधानी के मेफेयर होटल में रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद सोमवार 18 मई को वे सुबह 10:30 बजे पीटीएस माना में डायल-112 इमरजेंसी सेवा की 400 नई गाडिय़ों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम के बाद वे माना एयरपोर्ट से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। दोपहर 12:30 बजे शाह बस्तर के नेतानार में जन सुविधा केंद्र का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। दोपहर 2:30 बजे बादल अकादमी में विभिन्न विषयों पर चर्चा और मुलाकात का कार्यक्रम प्रस्तावित है। शाम 4 बजे वे बस्तर के विकास कार्यों की प्रस्तुति देखेंगे। वहीं शाम 5:45 बजे भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। दिन का समापन शाम 7 बजे आयोजित “बस्तर के संग” लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होकर करेंगे। इसके बाद वे जगदलपुर में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
19 मई मंगलवार को गृहमंत्री सुबह 11 बजे मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें चार राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। बैठक के बाद दोपहर 3 बजे वे प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। इसके पश्चात अमित शाह शाम 3:45 बजे जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
मजबूत राज्य ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण करते हैं : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार मंत्रालय महानदी भवन में बस्तर में आयोजित होने वाली मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। यह महत्वपूर्ण बैठक केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित होगी, जिसमें मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। बैठक के दौरान अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा परिषद की बैठक में उठाए जाने वाले विभिन्न विषयों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। मुख्यमंत्री ने सभी बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री साय ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपते हुए निर्देश दिए कि आयोजन की तैयारियों में किसी प्रकार की कमी न रहे और सभी व्यवस्थाएं गंभीरता एवं समन्वय के साथ सुनिश्चित की जाएं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में मध्य क्षेत्रीय परिषद के राज्यों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह परिषद देश की ऐसी क्षेत्रीय परिषद है जहां सदस्य राज्यों के बीच किसी प्रकार का विवाद नहीं है, जो आपसी सहयोग और समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय परिषदें राज्यों तथा केंद्र और राज्यों के बीच विभिन्न विषयों पर संवाद, सहयोग और समन्वय को मजबूत करने का प्रभावी मंच बन चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत राज्य ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण करते हैं” और इसी भावना के साथ क्षेत्रीय परिषद विकास, प्रशासनिक समन्वय और राष्ट्रीय एकता को नई दिशा प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में इन परिषदों ने राज्यों के बीच स्वस्थ सहयोग और विकासोन्मुखी सोच को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर में इस महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि बस्तर में शांति स्थापना के बाद इस स्तर की राष्ट्रीय बैठक का आयोजन यह दर्शाता है कि राज्य सरकार क्षेत्र के विकास और नई संभावनाओं को लेकर पूरी तरह संकल्पित है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सल उन्मूलन से क्षेत्र में शांति स्थापित हुई है तथा अब बस्तर विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इंद्रावती की गोद से बस्तर विकास की नई गाथा लिखेगा और मध्य क्षेत्रीय परिषद की यह बैठक क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेगी।



