छत्तीसगढ़

वसुधैव कुटुम्बकम की भावना को साकार कर रहे भाजपा नेता विकास शर्मा, लोकेश डागा


धमतरी-भारतीय संस्कृति में “वसुधैव कुटुम्बकम” का संदेश सदियों से मानवता, सेवा और परोपकार की प्रेरणा देता आया है। इसका अर्थ है कि पूरा विश्व एक परिवार है और हर जरूरतमंद की सहायता करना हमारा कर्तव्य है। धमतरी के युवा भाजपा नेता विकास शर्मा और लोकेश डागा ने एक जरूरतमंद बालक की सहायता कर इस विचार को वास्तविक रूप में चरितार्थ किया है। वहीं इस पूरे सेवा कार्य में समाजसेवी एवं भाजपा प्रदेश सदस्य पंडित राजेश शर्मा की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही, जिसके लिए पीड़ित परिवार ने उनका विशेष आभार व्यक्त किया है।
जानकारी के अनुसार संबलपुर बोड़रा गांव निवासी बालक हर्षित साहू की एक आंख में गलती से चुना लग जाने के कारण गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई थी। शुरुआत में स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच करवाई गई। जांच के बाद पता चला कि हर्षित की आंख का बेहतर इलाज हैदराबाद के अस्पताल में संभव है।
यह सुनते ही परिवार की चिंता बढ़ गई, क्योंकि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण हैदराबाद में इलाज कराना उनके लिए बेहद कठिन था। इलाज, यात्रा और रहने का खर्च परिवार की क्षमता से बाहर था। ऐसे मुश्किल समय में हर्षित के माता-पिता समाजसेवी एवं भाजपा प्रदेश सदस्य पंडित राजेश शर्मा के कार्यालय पहुंचे और अपनी समस्या बताई।
पंडित राजेश शर्मा ने परिवार की पीड़ा को गंभीरता से सुना और तत्काल मदद के लिए प्रयास शुरू किए। इसी दौरान उनकी मुलाकात भाजपा नेता विकास शर्मा और लोकेश डागा से कराई गई। दोनों युवा नेताओं ने संवेदनशीलता दिखाते हुए हर्षित के हैदराबाद आने-जाने, रुकने और इलाज का पूरा खर्च स्वयं वहन करने का निर्णय लिया।
इस मानवीय पहल ने न केवल पीड़ित परिवार को राहत पहुंचाई, बल्कि समाज के सामने सेवा और सहयोग की प्रेरणादायक मिसाल भी पेश की। क्षेत्रवासियों ने विकास शर्मा, लोकेश डागा और पंडित राजेश शर्मा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।
हर्षित के परिवारजनों ने भावुक होकर कहा कि जब उन्हें कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा था, तब पंडित राजेश शर्मा ने उनका सहारा बनकर उन्हें सही लोगों तक पहुंचाया और विकास शर्मा एवं लोकेश डागा ने आगे बढ़कर मदद की। परिवार ने तीनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग उनके लिए किसी ईश्वर की कृपा से कम नहीं है।
पूरे क्षेत्र के लोग हर्षित के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं और इस सेवा कार्य को मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण बता रहे हैं।

Author Desk

Related Articles

Back to top button