सिहावा चौक में दर्दनाक सड़क हादसा: रात्रि गश्त के दौरान प्रधान आरक्षक की मौत, नगर सैनिक गंभीर

धमतरी-शहर के सिहावा चौक में बुधवार तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में रात्रि गश्त पर तैनात एक प्रधान आरक्षक की मौत हो गई, जबकि एक नगर सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना सुबह करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक विजय बैरागी एवं नगर सैनिक दिलीप पांडे रात्रि गश्त पर थे। गश्त के दौरान जैसे ही वे सिहावा चौक पहुंचे, तभी तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक नगर सैनिक दिलीप पांडे चला रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद पिकअप चालक बाइक को करीब 100 मीटर से अधिक दूरी तक घसीटते हुए ले गया। हादसा इतना भीषण था कि प्रधान आरक्षक विजय बैरागी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दिलीप पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल नगर सैनिक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
इस हृदयविदारक घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई है। पुलिसकर्मियों एवं परिचितों ने प्रधान आरक्षक विजय बैरागी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।



