मगरलोड में दो दर्दनाक सड़क हादसे, दो युवकों की मौत

अलग-अलग दुर्घटनाओं में गई जान, क्षेत्र में शोक का माहौल
मगरलोड- मगरलोड थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। लगातार हुई इन घटनाओं से क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना 20 मई बुधवार की रात मेघा-छिपली मार्ग पर हुई। जानकारी के अनुसार छिपली निवासी लोकेश्वर यादव (32 वर्ष) अपने बड़े पिता के पुत्र खेमलाल यादव के साथ सेन्हाभाठा स्थित एक राइस मिल में हमाली का काम करने गए थे। काम समाप्त कर दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 9:30 बजे बंद पड़ी गुप्ता राइस मिल के पास सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से उनकी बाइक जा टकराई।
बताया जा रहा है कि बाइक लोकेश्वर यादव चला रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसके सिर और छाती में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
वहीं दूसरी घटना 21 मई को मेघा मेन रोड पर सुबह लगभग 11 बजकर 7 मिनट पर हुई। जानकारी के मुताबिक अमलीडीह निवासी यशवंत निषाद (24 वर्ष) बाइक से जा रहा था। इसी दौरान सड़क पर पैदल चल रहे व्यक्ति को बचाने के प्रयास में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। तभी पीछे से आ रही एक पिकअप वाहन उसे रगड़ते हुए निकल गई।
हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे सड़क किनारे पहुंचाया तथा डायल-112 और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने युवक को स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है।



