छत्तीसगढ़

विधायक अजय चंद्राकर को भेंट की गई बिलाई माता की आकर्षक हस्तनिर्मित पेंटिंग


भखारा- भखारा में आयोजित विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान कला और संस्कृति से जुड़ा एक भावनात्मक एवं आकर्षक दृश्य देखने को मिला। कुरूद के ख्यातिप्राप्त चित्रकार बसंत साहू द्वारा बनाई गई मां बिलाई माता की सुंदर एवं हस्तनिर्मित आकर्षक पेंटिंग विधायक अजय चंद्राकर को भेंट कर उनका सम्मान किया गया।
इस विशेष अवसर पर विधायक अजय चंद्राकर ने चित्रकार बसंत साहू की कला की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय कलाकार अपनी प्रतिभा के माध्यम से क्षेत्र की संस्कृति, आस्था और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी कलाकृतियां केवल चित्र नहीं बल्कि हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की पहचान होती हैं।
कार्यक्रम के दौरान लोक गायिका आरु साहू को भी विशेष रूप से चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। लोक संस्कृति और कला के इस संगम ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया। मंच पर जब कलाकारों का सम्मान किया गया तो उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
चित्रकार बसंत साहू द्वारा बनाई गई बिलाई माता की पेंटिंग अपनी बारीक कलाकारी, रंग संयोजन और धार्मिक भावनाओं की सुंदर अभिव्यक्ति के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र रही। लोगों ने कलाकार की प्रतिभा की जमकर प्रशंसा की।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति हरख जैन,मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरिकृष्ण पावरिया, भाजपा जिला उपाध्यक्ष आनंद यदु, नगर पंचायत उपाध्यक्ष विष्णु साहू, सभापति संविधान निर्मलकर सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन के साथ-साथ कला और संस्कृति को दिए गए सम्मान ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button