शतावधानी बालमुनि हंसभद्र जी के अद्भुत प्रयोग ने श्रद्धालुओं को किया मंत्रमुग्ध

17 जून को रायपुर में होगा सहस्त्रावधान प्रयोग
धमतरी- व्याख्यान वाचस्पति परम पूज्य जयानंद मुनि जी महाराज साहेब के सुशिष्य रत्न गणाधीश पन्यास प्रवर श्री विनय कुशल मुनि गणी जी, परम पूज्य नन्दीसेन मुनि जी महाराज साहेब, पन्यास प्रवर श्री वीरभद्र मुनि गणी जी (विराग मुनि जी), भव्य मुनि जी महाराज साहेब, सोमभद्र मुनि जी महाराज साहेब, सुहस्ति भद्र मुनि जी महाराज साहेब एवं शतावधानी बालमुनि हंसभद्र जी महाराज साहेब इन दिनों श्री पार्श्वनाथ जिनालय इतवारी बाजार में विराजमान हैं। उनके सान्निध्य में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
शुक्रवार को प्रवचन के स्थान पर शतावधानी बालमुनि हंसभद्र जी महाराज साहेब के शतावधानी प्रयोग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं द्वारा 100 अलग-अलग शब्द बताए गए, जिन्हें बोर्ड पर क्रमवार लिखा गया। इन शब्दों में तीर्थंकरों, देवी-देवताओं, शहरों, देशों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राजनेताओं, मिठाइयों एवं प्रसिद्ध हस्तियों के नाम शामिल थे।
इसके बाद बालमुनि हंसभद्र जी महाराज ने सभी 100 शब्दों को क्रमवार सीधा एवं उल्टा सुनाकर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। श्रद्धालुओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों के भी उन्होंने सटीक उत्तर दिए। उनकी अद्भुत स्मरण शक्ति और एकाग्रता को देखकर पूरा प्रवचन हाल जयकारों से गूंज उठा।
बताया गया कि इससे पूर्व कांकेर में भी शतावधानी प्रयोग का आयोजन किया जा चुका है। वहीं आगामी 17 जून 2026 को रायपुर के इंडोर स्टेडियम में सहस्त्रावधान प्रयोग आयोजित किया जाएगा। इसमें 1000 शब्दों का क्रमवार सीधा एवं उल्टा वाचन किया जाएगा।
इधर पन्यास प्रवर श्री वीरभद्र मुनि गणि जी की 142 उपवास की दीर्घ तपस्या के अनुमोदनार्थ शुक्रवार रात 7:36 बजे से 8:36 बजे तक श्री पार्श्वनाथ जिनालय इतवारी बाजार में सामूहिक नवकार जाप का आयोजन रखा गया है।
इसके अलावा 23 मई को श्री पार्श्वनाथ जिनालय इतवारी बाजार, श्री आदिश्वर जिनालय गोलबाजार एवं श्री अभिनंदनस्वामी जिनालय शांति कॉलोनी में सुबह 7 बजे से 8 बजे तक सामूहिक पूजा आयोजित होगी।



