छत्तीसगढ़

धमतरी पुलिस को मिली अत्याधुनिक हाईटेक एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन


अब घटनास्थल पर ही होगी वैज्ञानिक जांच, साक्ष्य आधारित विवेचना को मिलेगी नई ताकत


धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा धमतरी पुलिस को उपलब्ध कराई गई अत्याधुनिक एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) मोबाइल यूनिट वैन का शनिवार को पुलिस लाईन रूद्री धमतरी में आयोजित कार्यक्रम में विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर महापौर जगदीश रामू रोहरा, पूर्व विधायक इंदरचंद चोपड़ा एवं पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने हरी झंडी दिखाकर हाईटेक एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन को रवाना किया।
धमतरी पुलिस द्वारा लगातार गंभीर एवं संवेदनशील मामलों की वैज्ञानिक एवं साक्ष्य आधारित विवेचना की जा रही है। मजबूत अनुसंधान और प्रभावी अभियोजन के चलते वर्ष 2026 में अब तक धमतरी पुलिस की विवेचना के आधार पर 6 आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा भी मिल चुकी है।
एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन के जुड़ने से अब घटनास्थल पर ही तत्काल वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन, फिंगरप्रिंट परीक्षण, डिजिटल एवं भौतिक साक्ष्यों का संरक्षण, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी तथा अन्य तकनीकी जांच कार्य किए जा सकेंगे। इससे साक्ष्यों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित होगी तथा न्यायालय में अपराधियों के विरुद्ध और अधिक मजबूत प्रमाण प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। धमतरी जिले हेतु प्रदान की गई इस अत्याधुनिक वैन को वैज्ञानिक अधिकारी अमित कुमार पटेल द्वारा धमतरी लाया गया।
महापौर जगदीश रामू रोहरा ने धमतरी पुलिस द्वारा आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग और वैज्ञानिक अनुसंधान की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में धमतरी पुलिस लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन जैसी सुविधा से अपराधों की जांच और अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं मजबूत होगी।
पूर्व विधायक इंदरचंद चोपड़ा ने हाल के कई चुनौतीपूर्ण प्रकरणों के सफल निराकरण के लिए धमतरी पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि इससे जनता का विश्वास पुलिस पर बढ़ा है तथा नई तकनीकी सुविधा से विवेचना और अधिक सशक्त होगी।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक अनुसंधान वर्तमान समय की प्रभावी पुलिसिंग की सबसे बड़ी आवश्यकता है। एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन के माध्यम से अब घटनास्थल पर ही तत्काल वैज्ञानिक जांच एवं तकनीकी परीक्षण संभव हो सकेगा, जिससे विवेचना अधिक निष्पक्ष और मजबूत बनेगी तथा दोषसिद्धि दर में वृद्धि होगी।
कार्यक्रम में वैज्ञानिक अधिकारी अमित कुमार पटेल ने एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन की कार्यप्रणाली एवं उसमें उपलब्ध अत्याधुनिक उपकरणों की जानकारी देते हुए बताया कि यह यूनिट घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलन एवं तकनीकी जांच करने में सक्षम है।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, डीएसपी साइबर भानूप्रताप चंद्राकर, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी मीना साहू, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, एफएसएल टीम, मीडिया प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button