विकसित भारत के सपने को मिलेगा युवा शक्ति का साथ, पीएम मोदी ने 51 हजार युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र

पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 19वें रोजगार मेले में हुए शामिल
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 19वें रोजगार मेले में शामिल हुए और इस दौरान विभिन्न सरकारी विभागों एवं संगठनों में चयनित 51 हजार से अधिक नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि आज सभी युवा देश की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ये युवा अलग-अलग क्षेत्रों में नई जिम्मेदारियां संभालेंगे और “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने में अहम योगदान देंगे। पीएम मोदी ने कहा कि इस उपलब्धि तक पहुंचने के लिए युवाओं ने लंबे समय तक तैयारी और कड़ी मेहनत की है, जो सराहनीय है। उन्होंने सभी नव नियुक्त युवाओं और उनके परिजनों को इस सफलता के लिए बधाई भी दी।
भारत की युवा ताकत की दुनिया में चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वे जब भी दुनिया के किसी देश में जाते हैं, तो भारत की युवा शक्ति की चर्चा अवश्य करते हैं। उन्होंने कहा कि वे हमेशा एक नए संकल्प के साथ आगे बढ़ते हैं, जो 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर है। इसके तहत देश विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर निवेश कर रहा है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के लाखों नए अवसर सृजित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में भारत की 10 बड़ी सेमीकंडक्टर यूनिट्स दुनिया में अपनी पहचान बनाएंगी, जिनमें बड़ी संख्या में भारतीय युवाओं की भागीदारी होगी। इससे देश में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने आगे कहा कि भारत आज शिपबिल्डिंग, शिप रिपेयरिंग और ओवरहॉलिंग जैसे क्षेत्रों में मजबूत इकोसिस्टम विकसित कर रहा है। साथ ही देश इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि पब्लिक और प्राइवेट सेक्टर मिलकर इन सभी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर निवेश कर रहे हैं, जिसका सीधा लाभ देश के युवाओं को मिल रहा है। यह निवेश न केवल रोजगार के अवसर बढ़ा रहा है, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
ईज ऑफ डूइंग बिजनेस :
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि एक सरकारी कर्मचारी के रूप में सभी को इस बात का ध्यान रखना होगा कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस देश की एक बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भारत की ग्रोथ स्टोरी में इंफ्रास्ट्रक्चर की अहम भूमिका है, क्योंकि जब दूरदराज के इलाके विकास से जुड़ते हैं, तभी प्रगति का लाभ अधिक लोगों तक पहुंच पाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में हर स्तर पर व्यापक कार्य हुए हैं, जिसका असर अब गांवों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। कनेक्टिविटी बढऩे से किसानों, छोटे व्यापारियों और विद्यार्थियों के लिए नए अवसर खुले हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत करोड़ों परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराया गया है। इसके साथ ही स्वच्छता अभियान को लेकर भी लगातार जागरूकता और प्रयास जारी हैं। पीएम मोदी ने कहा कि शौचालय निर्माण और स्वच्छता सुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि देश के करोड़ों घरों तक बिजली पहुंचाई गई है, जिससे जीवन स्तर में सुधार हुआ है और विकास की गति को नई दिशा मिली है।
स्किल डेवलपमेंट, फ्यूचर टेक्नोलॉजी पर लगातार जोर :
पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत के युवा के पास जिस तरह के मौके हैं, ऐसा अवसर पहले नहीं मिला है। आज बहुत तेज गति से ये सब हो रहा है। आज विभिन्न क्षेत्रों में अनगिनत अवसर हमारा इंतजार कर रहे हैं। हमारा प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा युवा नए अवसरों का लाभ उठा सकें। देश के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का पूरा मौका मिले, इसके लिए स्किल डेवलपमेंट, फ्यूचर टेक्नोलॉजी पर लगातार जोर दिया जा रहा है। भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इको सिस्टम है। अहम बात ये है कि ये बदलाव सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं है। इस बदलाव में हमारी नारी शक्ति की भूमिका भी लगातार बढ़ रही है। आज बड़ी संख्या में विमेन लेड स्टार्ट अप शुरू हो रहे हैं। आज गांवों और छोटे शहरों में महिलाएं पहले से ज्यादा अपने दम पर अपना स्टार्ट अप शुरू कर रही हैं।
‘नागरिक देवो भव:’ हमारा मंत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकारी नौकरी लोगों के जीवन को आसान बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि जिस भी विभाग में युवा कार्य करेंगे, वहां उनके व्यवहार, संवेदनशीलता और कार्यशैली का विशेष महत्व होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सभी की जिम्मेदारी है कि वे अपने कार्य, आचरण, वाणी और व्यवहार से जनता के भरोसे को और अधिक मजबूत करें। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे अपने कार्य को पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएं। पीएम मोदी ने कहा कि आज सरकार के सामर्थ्य और उसकी शक्ति का आधार यही युवा हैं। उन्होंने कहा कि देश के नागरिकों की आकांक्षाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिसे वे विकास का सकारात्मक संकेत मानते हैं। उन्होंने युवाओं से “कर्मयोगी” प्लेटफॉर्म का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की और कहा कि भारत का युवा आज दुनिया के हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहा है, और यही ऊर्जा सार्वजनिक क्षेत्र में भी दिखाई देनी चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे यहां “जनसेवा ही प्रभुसेवा” की परंपरा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि नियुक्ति पत्र पाने वाले युवा इस भावना के साथ अपना योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का मंत्र नागरिक देवो भव: है, अर्थात नागरिकों का कल्याण ही सर्वोच्च कर्तव्य है।



