अंतर्राष्ट्रीय

अमेरिका और ईरान समझौते के बेहद करीब, पर यूरेनियम संवर्धन पर अब भी फंसा पेच

अमेरिका और ईरान समझौते के बेहद करीब, पर यूरेनियम संवर्धन पर अब भी फंसा पेच

वाशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध को रोकने के लिए समझौता लगभग तैयार है, लेकिन अंतिम सहमति से पहले दोनों पक्षों को कुछ बेहद पेचीदा मुद्दों को सुलझाना होगा, जिसकी पुष्टि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने की है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रस्तावित डील के तहत युद्धविराम को 60 दिनों के लिए बढ़ाया जाएगा और ईरान के परमाणु कार्यक्रम के भविष्य पर नए सिरे से बातचीत शुरू होगी। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों की ओर से समझौते का एक ढांचा तैयार होने की बात कहने के बावजूद, ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी ने इसके फाइनल होने से इनकार किया है। खुद वेंस ने साफ किया है कि यूरेनियम संवर्धन जैसे गंभीर मुद्दों पर अभी भी बातचीत का दौर जारी है और जब तक डोनाल्ड ट्रंप और ईरानी नेतृत्व की अंतिम मंजूरी नहीं मिल जाती, तब तक समझौते की सटीक समयसीमा तय करना जल्दबाजी होगी।

ईरानी दावे को अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने किया खारिज
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ईरानी मीडिया के उन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है, जिनमें कहा गया था कि ईरान के बुशहर प्रांत में एक अमेरिकी विमान को मार गिराया गया है। सेंटकॉम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर स्पष्ट रूप से बयान जारी कर कहा कि यह रिपोर्ट पूरी तरह गलत है, अमेरिका का कोई भी विमान क्रैश नहीं हुआ है और उनके सभी हवाई एसेट्स सुरक्षित और संपर्क में हैं। दोनों देशों के बीच जारी तनाव के बीच इस घटना को एक भ्रामक प्रचार या इन्फॉर्मेशन वॉर के हिस्से के रूप में देखा जा रहा है।

गाजा में इस्राइली हमले तेज, खान यूनिस में ड्रोन स्ट्राइक में तीन लोगों की मौत
गाजा पट्टी में इस्राइली सैन्य कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार तडक़े दक्षिणी गाजा के खान यूनिस शहर में एक इस्राइली ड्रोन हमले में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। फिलिस्तीनी समाचार एजेंसी वफा के अनुसार, यह हमला खान यूनिस के अल-मवासी इलाके में किया गया, जहां ड्रोन ने लोगों के एक समूह को निशाना बनाया। रिपोर्ट के मुताबिक, हमले में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। इसके अलावा उसी क्षेत्र में इस्राइली गोलाबारी की एक अन्य घटना में भी कई फिलिस्तीनी नागरिकों के घायल होने की सूचना है। वहीं, गाजा पट्टी के उत्तरी हिस्से में भी हिंसा जारी रही। गाजा सिटी की यारमूक स्ट्रीट पर हुए एक इस्राइली हमले में कम से कम पांच लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button