छत्तीसगढ़

एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत विंध्यवासिनी वार्ड में हुआ वृक्षारोपण



जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने लिया पौधों के संरक्षण का संकल्प

धमतरी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर निगम के विंध्यवासिनी वार्ड में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वार्ड स्थित नवीन सामुदायिक भवन एवं बिलाईमाता मंदिर के पीछे परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान लगाए गए पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल का संकल्प लेते हुए उपस्थित लोगों ने हरित धमतरी के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की बात कही। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

इस अवसर पर वार्ड पार्षद एवं जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं। स्वच्छ हवा, शुद्ध वातावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृशक्ति के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का भी एक अनूठा प्रयास है।

उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित और पोषित करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो शहर को हराभरा और प्रदूषण मुक्त बनाने का सपना साकार किया जा सकता है।

कार्यक्रम में नगर निगम सभापति कौशिल्या देवांगन,अपर कलेक्टर इंद्रा देहरी, पीसी सरवा, पार्षद आशा लोधी जगत, कामलेश ठाकुर, शिव नेताम, दिलीप सोनकर, गोलू सिन्हा, विनोद ध्रुव, नारा सोनकर, विक्की, वेद नारायण सहित वार्ड के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाई और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम न केवल हरित धमतरी के संकल्प को मजबूत करने वाला साबित हुआ, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button