छत्तीसगढ़

इबोला वायरस संक्रमण की आशंका को देखते हुए छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग सतर्क

स्वास्थ्य मंत्री बोले क्वारंटाइन किए गए लोगों में नहीं मिले संक्रमण के लक्षण:

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग इबोला वायरस संक्रमण की आशंका को देखते हुए पूरी तरह सतर्क है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार पिछले एक महीने से संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल प्रदेश में इबोला संक्रमण का कोई पुष्ट मामला सामने नहीं आया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि दुर्ग जिले में एहतियातन तीन विदेशी नागरिकों को आइसोलेशन और क्वारंटाइन में रखा गया है। ये सभी अफ्रीकी देशों के नागरिक हैं और निर्धारित स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के तहत 21 दिनों तक निगरानी में रहेंगे। उन्होंने कहा कि अब तक की जांच में किसी भी व्यक्ति में इबोला वायरस की पुष्टि नहीं हुई है और न ही उनमें संक्रमण से संबंधित कोई लक्षण पाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं तैयार रखी गई हैं।

राज्य सरकार की प्रस्तावित सीएम हेल्पलाइन व्यवस्था को लेकर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह पहल आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि कई बार लोगों की समस्याएं संबंधित अधिकारियों या उच्च स्तर तक नहीं पहुंच पातीं, लेकिन हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिक सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से शिकायतों की निगरानी और समाधान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी तथा शासन के प्रति जनता का विश्वास भी मजबूत होगा। मंत्री ने उम्मीद जताई कि सीएम हेल्पलाइन सरकार और नागरिकों के बीच संवाद को और अधिक प्रभावी बनाएगी।

Author Desk

Related Articles

Back to top button