केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह 12 जून से दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर

विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में होंगे शामिल
रायपुर। केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह 12 और 13 जून को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों, समीक्षा बैठकों, जनसंपर्क अभियानों तथा सामाजिक गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। केंद्रीय मंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और संबंधित विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
दौरे के पहले दिन 12 जून को केंद्रीय मंत्री रायपुर में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में शामिल होंगे। सम्मेलन में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा एवं चर्चा की जाएगी। इसके अलावा वे हैंडलूम, हस्तशिल्प, सिल्क एवं टेक्सटाइल विभाग से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश में इन क्षेत्रों के विकास, रोजगार सृजन और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे। केंद्रीय मंत्री सड्डू, बैरन बाजार और शांति नगर क्षेत्र में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे। इस दौरान वे स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों से अवगत होंगे।
दौरे के दूसरे दिन 13 जून को गिरिराज सिंह सदर बाजार और बुढ़ातालाब क्षेत्र में जनसंपर्क कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे तथा स्थानीय लोगों से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा वे सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेते हुए सफाई अभियान और पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके माध्यम से वे स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे।



