सक्ती में दिल दहला देने वाली वारदात, बेटे ने पीट-पीटकर मां की हत्या की

पुलिस हिरासत में आरोपी, पूछताछ जारी
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। भेडिक़ोना गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक बेटे ने कथित रूप से अपनी ही मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान तिहारिन बाई के रूप में हुई है। वह भेडिक़ोना गांव की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात मां और बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। पड़ोसियों के मुताबिक दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि गुस्से में बेटे ने अपनी मां के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। मारपीट में गंभीर चोट लगने के कारण तिहारिन बाई ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही डभरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी बेटे से पूछताछ की जा रही है।



