छत्तीसगढ़

धमतरी में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, एक लाख रुपये की रिश्वत लेते कर्मचारी गिरफ्तार

धमतरी में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, एक लाख रुपये की रिश्वत लेते कर्मचारी गिरफ्तार

धमतरी। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बुधवार को एक कर्मचारी को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद संबंधित विभाग में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार विद्युत यांत्रिकी विभाग में पदस्थ कर्मचारी (प्रोग्रेस मेन)लकेश साहू, जिन्हें विभागीय स्तर पर लिपिकीय कार्यों की भी जिम्मेदारी दी गई थी, पर अनुकंपा नियुक्ति के एक मामले में रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायतकर्ता खुमान सिंह ने एसीबी से शिकायत की थी कि अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में उससे एक लाख रुपये की मांग की जा रही है।शिकायत की प्रारंभिक जांच और सत्यापन के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता को आरोपी कर्मचारी के संपर्क में भेजा गया। बताया गया कि आरोपी ने अपने कर्मा नगर स्थित निजी निवास में रिश्वत की रकम लेने के लिए बुलाया था।
जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को एक लाख रुपये की रिश्वत राशि सौंपी, पहले से निगरानी कर रही एसीबी की टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के पास से 50-50 हजार रुपये के दो गड्डी, कुल एक लाख रुपये बरामद किए गए।
कार्रवाई के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए रेस्ट हाउस लाया गया, जहां एसीबी अधिकारियों ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
एसीबी की इस कार्रवाई की खबर फैलते ही सिंचाई विभाग तथा विद्युत यांत्रिकी विभाग में हड़कंप मच गया। कर्मचारी और अधिकारी इस कार्रवाई को लेकर चर्चा करते रहे। माना जा रहा है कि एसीबी अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर सकती है।एसीबी अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है और किसी भी शासकीय कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगने या लेने की शिकायत मिलने पर कठोर कदम उठाए जाएंगे।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button