छत्तीसगढ़

कोरिया में रेत विवाद ने लिया खूनी मोड़: भाजपा नेता समेत एक रिश्तेदार की जलकर मौत, 4 गिरफ्तार

कोरिया में रेत विवाद ने लिया खूनी मोड़: भाजपा नेता समेत एक रिश्तेदार की जलकर मौत, 4 गिरफ्तार

कोरिया। जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी में मंगलवार देर रात रेत उत्खनन को लेकर चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि हमलावरों ने एक फॉर्च्यूनर वाहन को पहले टिपर से कई बार टक्कर मारी और फिर उसमें आग लगा दी। इस घटना में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गंभीर रूप से घायल वीरू सिंह की भी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे नवगई गांव के पास हुई। बताया जा रहा है कि भरत सिंह गहरवार अपने साथियों के साथ वाहन से जा रहे थे, तभी आरोपियों ने उनकी फॉर्च्यूनर को घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने टिपर वाहन से फॉर्च्यूनर को कई बार टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त किया और बाद में उस पर पेट्रोल छिडकक़र आग लगा दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन के दरवाजे क्षतिग्रस्त होने से जाम हो गए थे। अंदर फंसे लोग शीशा तोडकऱ बाहर निकलने का प्रयास कर रहे थे, तभी आरोपियों ने उनके साथ मारपीट भी की। इस दौरान भरत सिंह गहरवार वाहन में फंस गए और उनकी जलकर मौत हो गई। वहीं तीन अन्य घायल व्यक्तियों को गंभीर हालत में उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जिसमे से वीरू सिंह ने भी दम तोड़ दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी रात में ही मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में चार आरोपियों—अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी—को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में तीन अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह और आरोपी मनोज त्रिपाठी के बीच रेत उत्खनन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों के बीच मंगलवार दोपहर भी झड़प हुई थी, जिसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई थी। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button