छत्तीसगढ़

भाजपा नेता हत्याकांड : कोरिया के कटगोड़ी में जिला प्रशासन ने इलाके में लगाई धारा 163

भाजपा नेता हत्याकांड : कोरिया के कटगोड़ी में जिला प्रशासन ने इलाके में लगाई धारा 163

कोरिया। कोरिया जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। शांतिभंग की आशंका के मद्देनजर महलपारा बैकुंठपुर, नौगई तथा कटगोड़ी स्थित भरत सिंह के क्रेशर प्लांट क्षेत्र में धारा 163 लागू कर दी गई है।

कलेक्टर रोक्तिमा यादव द्वारा जारी आदेश के अनुसार चिन्हित क्षेत्रों में 300 मीटर की परिधि तक किसी भी प्रकार के घातक अस्त्र-शस्त्र, अन्य हथियार एवं विस्फोटक सामग्री लेकर जुलूस, धरना-प्रदर्शन और आमसभा आयोजित करने पर प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने आदेश में स्पष्ट किया है कि संबंधित क्षेत्रों में आपत्तिजनक नारेबाजी, भडक़ाऊ भाषण तथा आपत्तिजनक पोस्टरों के वितरण पर भी रोक रहेगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।

उल्लेखनीय है कि जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर हुए विवाद के बाद रात करीब 10:30 बजे लल्ला सिंह उर्फ भरत कुमार सिंह अपने साथी योगेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, मयंक सिंह और नागेंद्र सिंह के साथ ग्राम कटगोड़ी में मनोज त्रिपाठी के घर के सामने पहुंचे थे। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हो गया। आरोप है कि मनोज त्रिपाठी, निशांत त्रिपाठी और अन्य लोगों ने भरत सिंह की फार्च्यूनर वाहन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की चपेट में आने से भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से झुलसे उनके साथी नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी। तीन लोगों की मौत के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Author Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button