कवर्धा में नर चीतल के अवैध शिकार का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार

कवर्धा में नर चीतल के अवैध शिकार का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्ता
न्यायालय ने भेजा जेल
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कवर्धा परियोजना मंडल में नर चीतल के अवैध शिकार के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बोड़ला परिक्षेत्र के भलपहरी बीट जंगल में आरोपियों ने जाल बिछाकर लगभग तीन वर्षीय नर चीतल का शिकार किया था और उसके मांस के बंटवारे की तैयारी कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर वन विकास निगम की टीम ने मौके पर दबिश देकर सभी को पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान करीब 500 ग्राम पका हुआ चीतल का मांस, नायलॉन रस्सी, कुल्हाड़ी, तार और फंदे सहित अन्य सामग्री जब्त की गई। मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग ने कहा है कि नियमित गश्त और सख्त निगरानी के चलते वन्यजीव अपराधों पर लगातार अंकुश लगाया जा रहा है।



