छत्तीसगढ़

एसपी भावना पांडेय ने शहर की यातायात व्यवस्था का लिया जायजा, कोतवाली थाना का किया औचक निरीक्षण

एसपी भावना पांडेय ने शहर की यातायात व्यवस्था का लिया जायजा, कोतवाली थाना का किया औचक निरीक्ष

धमतरी- पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय (भा.पु.से.) ने मंगलवार को शहर के प्रमुख चौक-चौराहों का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बढ़ते यातायात दबाव, पार्किंग व्यवस्था और जाम की स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

एसपी ने यातायात प्रभारी को प्रमुख चौक-चौराहों पर नियमित मॉनिटरिंग, प्रभावी ड्यूटी तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध कराना धमतरी पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।

इसके बाद एसपी ने सिटी कोतवाली थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीएनएस कार्य, थाना अभिलेख, मालखाना, कार्यालयीन व्यवस्थाओं तथा थाना परिसर की साफ-सफाई का अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन रखने, कार्यालयीन कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और थाना परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

एसपी भावना पांडेय ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि थाना आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ संवेदनशील, विनम्र और पेशेवर व्यवहार सुनिश्चित करते हुए उनकी शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए।

Author Desk

Related Articles

Back to top button