बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए वार्डवार शिकायत निवारण शिविर आज से
15 से 31 जुलाई तक शहर के विभिन्न वार्डों में होंगे शिविर, बिजली बिल संबंधी समस्याओं का मौके पर होगा समाधान

बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए वार्डवार शिकायत निवारण शिविर आज स
15 से 31 जुलाई तक शहर के विभिन्न वार्डों में होंगे शिविर, बिजली बिल संबंधी समस्याओं का मौके पर होगा समाधा
धमतरी, 15 जुलाई। बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित एवं सरल निराकरण के उद्देश्य से विद्युत विभाग द्वारा 15 से 31 जुलाई तक नगर के विभिन्न वार्डों में वार्डवार शिकायत निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में बिजली बिल से जुड़ी विभिन्न शिकायतों का मौके पर निराकरण किया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना की जानकारी एवं आवेदन संबंधी मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
शिविरों में बिजली बिल की त्रुटि सुधार, गलत रीडिंग, अधिक बिल की शिकायत, नाम संशोधन, बकाया राशि की जानकारी, किस्त सुविधा, नए एवं लंबित प्रकरणों सहित अन्य विद्युत सेवाओं से संबंधित समस्याओं का परीक्षण कर यथासंभव मौके पर समाधान किया जाएगा। आवश्यक होने पर विभागीय अधिकारियों द्वारा संबंधित प्रकरणों पर शीघ्र कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
प्रधानमंत्री सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापना, केंद्र सरकार की सब्सिडी, ऑनलाइन पंजीयन, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं योजना से मिलने वाले आर्थिक लाभों की जानकारी दी जाएगी। इच्छुक उपभोक्ताओं को आवेदन प्रक्रिया में भी आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 जुलाई को हटकेशर बाजारपारा, 17 जुलाई को पावर हाउस बठेना, 20 जुलाई को नंदी चौक कोष्टापारा, 22 जुलाई को सत्संग भवन गोकुलपुर, 24 जुलाई को सामुदायिक भवन, 27 जुलाई को रंगमंच जोधापुर, 29 जुलाई को गुजराती भवन बनियापारा तथा 31 जुलाई को रंगमंच नयापारा में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
विद्युत विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने वार्ड के अनुसार निर्धारित तिथि पर शिविर में बिजली बिल की प्रति, उपभोक्ता क्रमांक एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर सेवाओं का लाभ उठाएं। विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को पारदर्शी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी शिकायतों का यथासंभव मौके पर ही निराकरण करना है।


