मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा का नगरी विकासखंड में मैदानी दौरा, विकास कार्यों की हकीकत परखी
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा का नगरी विकासखंड में मैदानी दौरा, विकास कार्यों की हकीकत परख
छात्राओं के साथ बैठकर किया मध्यान्ह भोजन, योजनाओं की गुणवत्ता और जनसेवा पर दिया विशेष जोर
धमतरी- जिला पंचायत धमतरी के नवपदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा (आईएएस) ने मंगलवार को नगरी विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का व्यापक दौरा कर विकास कार्यों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक योजना का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दौरे के दौरान श्री नाहटा ने शासकीय माध्यमिक शाला बोड़रा पहुंचकर छात्राओं के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन किया और भोजन की गुणवत्ता, स्वाद, स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं का स्वयं निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
इसके बाद उन्होंने ग्राम सियादेही के लइका घर का निरीक्षण कर बच्चों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक, पोषण एवं देखभाल संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं ग्राम पिपराहीभर्री के मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार, स्वच्छता, खेल सामग्री एवं शिक्षण गतिविधियों का अवलोकन करते हुए केंद्र को बच्चों के सर्वांगीण विकास का आदर्श केंद्र बनाने पर जोर दिया।
नगरी स्थित मॉडल लाइब्रेरी एवं को-वर्किंग स्पेस का निरीक्षण करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने डिजिटल संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा अधिक से अधिक युवाओं को इन सुविधाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्री नाहटा ने शासकीय माध्यमिक विद्यालय बोड़रा, खल्लारी और मसानडबरा में जनमन मॉडल आवास एवं 37 आवासीय कॉलोनी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आवासीय परिसरों में स्वच्छता, पेयजल, मूलभूत सुविधाओं, रखरखाव तथा हितग्राहियों को दी जा रही सेवाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
ग्राम सांकरा में उन्होंने मॉडल लाइब्रेरी, समर्थ पोर्टल, पंचायत कार्यालय तथा मखाना उत्पादन केंद्र का अवलोकन किया। उन्होंने पंचायतों में अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, डिजिटल सेवाओं के प्रभावी संचालन, योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और आजीविका संवर्धन गतिविधियों को और अधिक मजबूत बनाने पर बल दिया।
दौरे के समापन पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने कहा कि शासन की प्रत्येक योजना का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों और मैदानी अमले को जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण, गुणवत्तापूर्ण कार्य, नियमित निगरानी तथा हितग्राही केंद्रित कार्यसंस्कृति अपनाने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति और जनसेवा दोनों को नई मजबूती मिल सके।



