छत्तीसगढ़

तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी को मारी टक्कर, सगे भाई-बहन की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

 

25 हजार रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता के बाद चक्काजाम किया समाप्त

कोरबा। जिले के बांगो थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पोड़ी बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार टैंकर और स्कूटी के बीच हुई जोरदार टक्कर में सगे भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि एक नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बांगो-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया।

जानकारी के अनुसार, कोनकोना बस्ती के गोस्वामी पारा निवासी बूटी गोस्वामी (13 वर्ष), दशरथ गोस्वामी (12 वर्ष) और एक अन्य नाबालिग विक्की स्कूटी से सामान लेने पोड़ी बस स्टैंड आए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बूटी और दशरथ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे एक ही परिवार के थे। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने बांगो-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। जाम के कारण यात्री बसों समेत कई वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

सूचना मिलते ही बांगो पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर प्रदर्शन समाप्त करने की अपील की। तहसीलदार ने पीड़ित परिवार को मौके पर ही 25-25 हजार रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता राशि प्रदान की, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। पुलिस ने हाईवे पर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button