धमतरीवासियों को मिली अत्याधुनिक वेंटिलेटर एम्बुलेंस की सौगात, अब शहर में मिलेगी ICU जैसी सुविधा
अमित अग्रवाल ने किया दान, ऋतुराज फाउंडेशन करेगा संचालन नवजात शिशुओं से लेकर वयस्क मरीजों तक के लिए उपलब्ध रहेंगी जीवनरक्षक सुविधाएं

धमतरीवासियों को मिली अत्याधुनिक वेंटिलेटर एम्बुलेंस की सौगात, अब शहर में मिलेगी ICU जैसी सुविधा
अमित अग्रवाल ने किया दान, ऋतुराज फाउंडेशन करेगा संचालन नवजात शिशुओं से लेकर वयस्क मरीजों तक के लिए उपलब्ध रहेंगी जीवनरक्षक सुविधाएं
धमतरी- धमतरी शहर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब गंभीर मरीजों को वेंटिलेटर एम्बुलेंस के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा के पावन अवसर पर समाजसेवी अमित अग्रवाल द्वारा जनसेवा के उद्देश्य से अत्याधुनिक वेंटिलेटर एम्बुलेंस “श्री श्याम रथ” समर्पित की गई। राष्ट्रीय गौशाला, जनकपुर परिसर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर एम्बुलेंस का शुभारंभ किया गया। इसके संचालन की जिम्मेदारी ऋतुराज फाउंडेशन को सौंपी गई है।
यह एम्बुलेंस आधुनिक जीवनरक्षक उपकरणों से सुसज्जित है। इसमें वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सपोर्ट, इमरजेंसी मेडिकल सिस्टम सहित गंभीर मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इसमें नवजात एवं छोटे बच्चों के लिए भी विशेष वेंटिलेटर सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जो धमतरी जिले में पहली बार उपलब्ध होगी।
अमित अग्रवाल ने बताया कि धमतरी में सामान्य एम्बुलेंस तो उपलब्ध थीं, लेकिन वेंटिलेटर एम्बुलेंस का अभाव था। गंभीर मरीजों को रायपुर या अन्य शहरों से महंगी कीमत पर वेंटिलेटर एम्बुलेंस बुलानी पड़ती थी, जिससे समय और धन दोनों की बड़ी हानि होती थी। उन्होंने कहा कि यह एम्बुलेंस जरूरतमंदों के लिए निशुल्क तथा अन्य सेवाओं के लिए न्यूनतम शुल्क पर उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने इसे “ICU ऑन व्हील्स” बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य केवल जनसेवा है।
ऋतुराज फाउंडेशन के ऋतुराज पवार ने बताया कि यह एम्बुलेंस धमतरी शहर के भीतर विभिन्न अस्पतालों के बीच गंभीर मरीजों के स्थानांतरण के लिए निशुल्क उपलब्ध रहेगी। यदि मरीज को अन्य जिले या बड़े अस्पताल में ले जाना होगा तो भी यह सेवा न्यूनतम शुल्क पर उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि अब वेंटिलेटर एम्बुलेंस के लिए बाहर के शहरों पर निर्भर रहने की मजबूरी समाप्त हो जाएगी।
समाजसेवी शिवा प्रधान ने कहा कि भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के पावन अवसर पर यह सेवा शुरू होना पूरे जिले के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि पहले बच्चों के लिए वेंटिलेटर एम्बुलेंस बाहर से बुलानी पड़ती थी, जिस पर लगभग 15 हजार रुपये तक का खर्च आता था। अब यह सुविधा धमतरी में ही उपलब्ध होने से जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी और समय पर उपचार मिलने से कई लोगों की जान बचाई जा सकेगी।
मां विंध्यवासिनी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष आनंद पवार एवं राष्ट्रीय गौशाला के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने कहा कि वेंटिलेटर एम्बुलेंस उपलब्ध कराना केवल वाहन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उसके संचालन के लिए प्रशिक्षित स्टाफ और संसाधनों की भी आवश्यकता होती है। धमतरी बस्तर का प्रवेश द्वार है और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज यहां पहुंचते हैं। ऐसे में यह सेवा पूरे क्षेत्र के लिए वरदान सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस को जनसेवा के उद्देश्य से ऋतुराज फाउंडेशन को सौंपा गया है ताकि इसका संचालन व्यवस्थित रूप से हो सके। “नर सेवा ही नारायण सेवा” की भावना से यह पहल की गई है।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के ऐतिहासिक अवसर पर धमतरी को एक बड़ी स्वास्थ्य सुविधा मिली है। उन्होंने अमित अग्रवाल परिवार और ऋतुराज फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह एम्बुलेंस नवजात बच्चों से लेकर वयस्क मरीजों तक सभी के लिए उपयोगी होगी। उन्होंने कहा कि धमतरी में पहली बार बच्चों के लिए भी वेंटिलेटर सुविधा वाली एम्बुलेंस उपलब्ध हुई है, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को समय पर बेहतर चिकित्सा सहायता मिल सकेगी।
रथ यात्रा के शुभ अवसर पर शुरू हुई यह सेवा न केवल धमतरी शहर बल्कि पूरे जिले और आसपास के ग्रामीण अंचलों के लिए किसी वरदान से कम नहीं मानी जा रही है। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह वेंटिलेटर एम्बुलेंस गंभीर मरीजों को सुरक्षित और शीघ्र अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा भविष्य में अनेक लोगों के जीवन की रक्षा करने में सहायक साबित होगी।



