धमतरी में सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस का बड़ा एक्शन, बाहरी व्यक्तियों और किराएदारों के सत्यापन के सख्त निर्देश
डिजिटल पुलिसिंग को भी मिली नई ताकत
धमतरी में सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस का बड़ा एक्शन, बाहरी व्यक्तियों और किराएदारों के सत्यापन के सख्त निर्देश
डिजिटल पुलिसिंग को भी मिली नई ताकत
धमतरी। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने व्यापक अभियान शुरू किया है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय (भा.पु.से.) ने पुलिस कार्यालय में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं साइबर सेल की महत्वपूर्ण बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में बाहरी व्यक्तियों, किराएदारों, अस्थायी निवासियों और नए कर्मचारियों के अनिवार्य पुलिस सत्यापन के साथ-साथ तकनीक आधारित पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए कई अहम निर्देश जारी किए गए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि जिले में रहने वाले प्रत्येक बाहरी व्यक्ति, संदिग्ध प्रवासी, किराएदार एवं अस्थायी रूप से निवासरत लोगों का रिकॉर्ड संबंधित थानों में अद्यतन रखा जाए और उनका पुलिस सत्यापन प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर मकान मालिकों को किराएदार रखने से पहले पुलिस सत्यापन कराने के लिए प्रेरित करें। आवश्यकता पड़ने पर नोटिस जारी कर सत्यापन की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में औद्योगिक सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि जिले के सभी निर्माण स्थलों, औद्योगिक इकाइयों, राइस मिलों, फैक्ट्रियों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों तथा अन्य संस्थानों में नियुक्त प्रत्येक नए कर्मचारी का पुलिस सत्यापन कराया जाए। साथ ही सभी संस्थानों में कर्मचारियों और आगंतुकों का पूरा रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से संधारित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
पुलिस प्रशासन ने ग्राम चौपाल, सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम, स्कूल-कॉलेज, व्यापारी संगठनों, औद्योगिक संस्थानों एवं अन्य सामाजिक मंचों के माध्यम से पुलिस सत्यापन और बाहरी व्यक्तियों की निगरानी को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर फ्लेक्स एवं सूचना बोर्ड लगाकर लोगों को संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
डिजिटल पुलिसिंग को मिला नया आयाम
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय ने जिले के विभिन्न थाना एवं चौकियों में पदस्थ विवेचना अधिकारियों के लिए मोबाइल टैब (Mobile Tabs) का वितरण भी किया। इन टैबलेट्स के माध्यम से घटनास्थल पर डिजिटल दस्तावेजीकरण, ऑनलाइन डेटा संकलन, सीसीटीएनएस के प्रभावी उपयोग तथा तकनीक आधारित अनुसंधान कार्यों में तेजी आएगी। अधिकारियों को इन उपकरणों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग कर विवेचना की गुणवत्ता और पारदर्शिता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
आम जनता से सहयोग की अपील
धमतरी पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, अवैध प्रवासी, बाहरी व्यक्ति या किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल टोल फ्री नंबर 1800-233-1905, निकटतम थाना या धमतरी पुलिस कंट्रोल रूम 9479192299 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “जनसहयोग, सतर्क नागरिक और सक्रिय पुलिसिंग के समन्वय से ही सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं अपराधमुक्त धमतरी का निर्माण संभव है।”



