धमतरी में बनेंगे व्यवसायिक परिसर, बोरई बनेगा अंतर्राज्यीय व्यापार एवं परिवहन का नया केंद्र
कमार समुदाय के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम, पीएम-जनमन योजना से बदल रही दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों की तस्वीर

धमतरी में बनेंगे व्यवसायिक परिसर, बोरई बनेगा अंतर्राज्यीय व्यापार एवं परिवहन का नया केंद्र
कमार समुदाय के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम, पीएम-जनमन योजना से बदल रही दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों की तस्वीर
धमतरी- धमतरी जिले में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) कमार समुदाय के समग्र विकास को लेकर जिला प्रशासन लगातार नए प्रयास कर रहा है। राज्य शासन और भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम-जनमन (प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान) योजना के तहत जिले में आजीविका, शिक्षा, आवास, सड़क, पेयजल, बिजली और आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में कमार समुदाय को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आधुनिक व्यवसायिक परिसरों (कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स) का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, बोरई को अंतर्राज्यीय व्यापार एवं परिवहन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा प्रस्तावित व्यवसायिक परिसरों का निर्माण बेलरगांव, कसपुर, बोरई, कुकरेल, सिंगपुर, दुगली और केरेगांव में किया जाएगा। इन परिसरों में कमार समुदाय के हितग्राही अपनी आवश्यकता के अनुसार दुकानें और अन्य व्यवसाय स्थापित कर सकेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और समुदाय आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
बोरई में बनेगा अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल
औद्योगिक एवं व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बोरई में अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल स्थापित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। छत्तीसगढ़, ओडिशा और कांकेर जिले को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण संपर्क बिंदु के रूप में विकसित हो रहे बोरई में आधुनिक बस टर्मिनल बनने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी, व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलेगी तथा स्थानीय युवाओं और जनजातीय समुदाय के लिए रोजगार एवं व्यवसाय के नए अवसर सृजित होंगे। बस टर्मिनल के लिए स्थल का चयन भी कर लिया गया है।
पीएम-जनमन योजना से बदल रही जनजातीय क्षेत्रों की तस्वीर
धमतरी जिले में पीएम-जनमन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के चलते दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क, पेयजल, बिजली और आजीविका से जुड़ी योजनाओं का लाभ तेजी से कमार समुदाय तक पहुंचाया जा रहा है। योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए धमतरी जिले को राष्ट्रपति पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है, जो जिले के लिए गौरव की बात है।
कमार विद्यालय होगा उच्च माध्यमिक स्तर तक उन्नत
कमार समुदाय के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित कमार विद्यालय को उच्चीकृत कर कक्षा दसवीं से बारहवीं तक संचालित करने की प्रक्रिया जारी है। इससे विद्यार्थियों को उच्च माध्यमिक शिक्षा के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।
देश की दूसरी और छत्तीसगढ़ की पहली पीएम-जनमन आवास कॉलोनी
नगरी विकासखंड के ग्राम पंचायत संकरा के आश्रित गांव मसानडबरा में विशेष पिछड़ी जनजाति कमार समुदाय के लिए प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत आधुनिक आवास कॉलोनी विकसित की जा रही है। यह देश की दूसरी तथा छत्तीसगढ़ की पहली पीएम-जनमन आवास कॉलोनी है। कॉलोनी का निर्माण इस तरह किया जा रहा है कि आधुनिक सुविधाओं के साथ कमार समुदाय की परंपरा और सांस्कृतिक पहचान भी सुरक्षित रहे। यहां प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सौर ऊर्जा से घरों को रोशन करने की भी योजना तैयार की गई है।
1481 आवास स्वीकृत, 1046 पूर्ण
जिले में कमार समुदाय के लिए कुल 1481 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 1046 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 435 आवासों का निर्माण कार्य जारी है। प्रशासन का लक्ष्य अगले चार माह के भीतर सभी शेष आवासों का निर्माण पूरा करना है, ताकि प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया जा सके।
36 नई सड़कें, बेहतर होगी पहुंच
पीएम-जनमन योजना के अंतर्गत 36 सड़कों के निर्माण को स्वीकृति मिली है, जिनकी कुल लागत 1341.60 लाख रुपए है। अधिकांश सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। सड़कें बनने के बाद दूरस्थ जनजातीय बसाहटों का संपर्क बाजार, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और प्रशासनिक सुविधाओं से और अधिक मजबूत होगा।
हर घर तक पहुंची बिजली और नल से जल
जल जीवन मिशन के तहत सभी घरों में स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। साथ ही प्रत्येक घर का विद्युतीकरण भी पूरा हो चुका है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन स्तर में सुधार आया है और बच्चों की पढ़ाई, आजीविका तथा सुरक्षा को नई मजबूती मिली है।
बहुउद्देश्यीय केंद्र से मिल रही नई दिशा
नगरी विकासखंड के बोईरगांव में स्थापित बहुउद्देश्यीय केंद्र शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और आजीविका गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन रहा है। यहां आंगनवाड़ी के बच्चों के लिए शिक्षण सामग्री एवं खिलौने उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन भी यहीं उपलब्ध कराया जा रहा है।
50 सीटर छात्रावास का निर्माण जारी
नगरी विकासखंड के बाजार कुर्रीडीह में कमार जनजाति के विद्यार्थियों के लिए 50-सीटर बालक छात्रावास का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके जनवरी तक पूर्ण होने की संभावना है। छात्रावास शुरू होने के बाद विद्यार्थियों को सुरक्षित आवास, भोजन और अध्ययन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
133 बसाहटों में योजनाओं की शत-प्रतिशत पहुंच
जिले की 133 जनजातीय बसाहटों में पीएम-जनमन योजना के अंतर्गत त्वरित गतिविधियों का शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण किया गया है। वहीं ग्राम पिपरहीभर्री में एकीकृत ग्राम योजना, संसाधन मानचित्रण, लघु वनोपज प्रबंधन और आजीविका कार्ययोजनाओं के माध्यम से मॉडल बसाहट विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि विशेष पिछड़ी जनजाति कमार समुदाय को स्थायी आजीविका, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ना है। व्यवसायिक परिसरों के निर्माण, कमार विद्यालय के उच्चीकरण और बोरई को अंतर्राज्यीय व्यापार एवं परिवहन केंद्र के रूप में विकसित करने जैसी योजनाएं इसी सोच का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि पीएम-जनमन योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए जिले को मिला राष्ट्रपति पुरस्कार पूरी टीम और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है तथा भविष्य में भी जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
पीएम-जनमन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से धमतरी जिले के दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में विकास की नई तस्वीर उभर रही है। सड़क, शिक्षा, आवास, पेयजल, बिजली, रोजगार और स्वरोजगार जैसी सुविधाओं के विस्तार से कमार समुदाय अब आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है और विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है।



