नीट परीक्षा घोटाले पर केंद्र सरकार को झुकना पड़ा, यह युवाओं के संघर्ष की जीत – तारणी चंद्राकर
कांग्रेस का धमतरी में विजय मार्च, राजीव भवन से घड़ी चौक तक निकला विशाल जुलूस; कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

नीट परीक्षा घोटाले पर केंद्र सरकार को झुकना पड़ा, यह युवाओं के संघर्ष की जीत – तारणी चंद्राकर
कांग्रेस का धमतरी में विजय मार्च, राजीव भवन से घड़ी चौक तक निकला विशाल जुलूस; कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
धमतरी- नीट परीक्षा घोटाले के मुद्दे पर कांग्रेस द्वारा चलाए गए देशव्यापी आंदोलन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद शनिवार को धमतरी में कांग्रेस ने विजय मार्च निकालकर अपनी खुशी व्यक्त की। राजीव भवन से घड़ी चौक तक निकाले गए इस विशाल विजय जुलूस में कांग्रेस पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। हाथों में तख्तियां और कांग्रेस के झंडे लिए कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इसे छात्रों, युवाओं तथा लोकतांत्रिक संघर्ष की बड़ी जीत बताया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती तारणी चंद्राकर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि “नीट परीक्षा घोटाले ने देश के करोड़ों छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। कांग्रेस ने राहुल गांधी के नेतृत्व में संसद से लेकर सड़क तक लगातार इस मुद्दे को उठाया। युवाओं की आवाज और कांग्रेस के संघर्ष के आगे आखिरकार केंद्र सरकार को झुकना पड़ा और केंद्रीय शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा। यह किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि देश के करोड़ों विद्यार्थियों, अभ्यर्थियों और उनके परिवारों की जीत है।”
तारणी चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही पारदर्शी एवं निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली की मांग करती रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में किसी भी छात्र का भविष्य दांव पर न लगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के अधिकारों, रोजगार और शिक्षा से जुड़े हर मुद्दे पर मजबूती से संघर्ष करती रहेगी।
विजय मार्च के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल एक मंत्री के इस्तीफे तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि नीट परीक्षा घोटाले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए।
राजीव भवन से प्रारंभ हुआ विजय मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए घड़ी चौक पहुंचा, जहां सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने युवाओं के समर्थन में नारे लगाए और कांग्रेस नेतृत्व के संघर्ष की सराहना की। सभा के अंत में नेताओं ने कहा कि कांग्रेस आगे भी जनता, छात्रों और युवाओं के हितों से जुड़े हर मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।



