दिल्ली में पत्रकारों पर हमले की छत्तीसगढ़ के प्रमुख प्रेस क्लबों ने की कड़ी निंदा
रायपुर, बिलासपुर, कोरबा सहित भिलाई, दुर्ग, राजनांदगांव, कांकेर और जगदलपुर प्रेस क्लबों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की

दिल्ली में पत्रकारों पर हमले की छत्तीसगढ़ के प्रमुख प्रेस क्लबों ने की कड़ी निंदा
रायपुर, बिलासपुर, कोरबा सहित भिलाई, दुर्ग, राजनांदगांव, कांकेर और जगदलपुर प्रेस क्लबों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की
रायपुर (प्रखर)। नई दिल्ली के जंतर-मंतर में कवरेज के दौरान पत्रकारों के साथ हुई मारपीट और अभद्रता की घटना की छत्तीसगढ़ के प्रमुख प्रेस क्लबों ने एक स्वर में कड़ी निंदा की है। कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर आयोजित बैठक में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गई तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
बैठक में रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने पत्रकारों पर हुए हमले के विरोध में निंदा प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अभिजीत मिश्रा तथा कोरबा प्रेस क्लब के अध्यक्ष नौशाद खान ने किया। उपस्थित वरिष्ठ पत्रकारों एवं प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने कवरेज के दौरान मीडिया कर्मियों पर बढ़ते हमलों को लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय बताया और सर्वसम्मति से घटना की निंदा का प्रस्ताव पारित करने का सुझाव दिया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जंतर-मंतर में कवरेज कर रहे वरिष्ठ पत्रकार रोहित रंजन, देव कोटक, शेफाली, आर्यन आनंद, लोकेश ठाकुर सहित अन्य मीडिया कर्मियों के साथ मारपीट, मोबाइल और घड़ी छीनने, कपड़े फाड़ने तथा पत्रकारिता उपकरणों को नुकसान पहुंचाने जैसी घटनाएं अत्यंत निंदनीय हैं। यह केवल पत्रकारों पर हमला नहीं, बल्कि लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा प्रहार है।
रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि पत्रकारों पर हमला लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को कमजोर करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध त्वरित और कठोर कानूनी कार्रवाई होना आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी पत्रकारों को डराने या सच की आवाज दबाने का दुस्साहस न कर सके।
बैठक में पारित निंदा प्रस्ताव की जानकारी भिलाई प्रेस क्लब के अध्यक्ष अनिल गुप्ता, दुर्ग प्रेस क्लब के अध्यक्ष संतोष मिश्रा, राजनांदगांव प्रेस क्लब के अध्यक्ष सचिन अग्रहरि, जगदलपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज गर्ग तथा कांकेर प्रेस क्लब के अध्यक्ष योगेश सिन्हा को भी दी गई। सभी ने प्रस्ताव का समर्थन करते हुए पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
सभी प्रेस क्लबों ने अपने-अपने स्तर पर भी इस संबंध में निंदा प्रस्ताव पारित करने की बात कही। संयुक्त रूप से जारी वक्तव्य में कहा गया कि पत्रकारों की सुरक्षा, लोकतंत्र की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। पत्रकारों के साथ हिंसा, धमकी और भय का वातावरण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। छत्तीसगढ़ के सभी प्रमुख प्रेस क्लब पीड़ित पत्रकारों के साथ मजबूती से खड़े हैं और केंद्र सरकार तथा दिल्ली प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध शीघ्र एवं कठोर कार्रवाई की मांग करते हैं।
कोरबा में आयोजित बैठक में कोरबा प्रेस क्लब के अध्यक्ष नौशाद खान, रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अभिजीत मिश्रा, रायपुर प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव भूपेश जांगड़े, कोरबा प्रेस क्लब के संरक्षक कमलेश यादव, वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार शाह, राकेश श्रीवास्तव, रमेश राठौड़, दिनेश राज, कृष्णा राठौर, ई. जयंत, सादिक शेख, आकाश शर्मा, बिलासपुर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र गहवाई, निर्मल माणिक, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, सचिव संदीप करिहार, कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह, सह सचिव हरिकृष्ण गंगवानी, कैलाश यादव सहित अनेक पत्रकार एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।



