छत्तीसगढ़

व्यास पूर्णिमा पर आचार्य हरिशरण वैष्णव जी का हुआ अभिनंदन, पं. राजेश शर्मा ने लिया आशीर्वाद

व्यास पूर्णिमा पर आचार्य हरिशरण वैष्णव जी का हुआ अभिनंदन, पं. राजेश शर्मा ने लिया आशीर्वाद

धमतरी-  व्यास पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुढ़ेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के स्थाई आमंत्रित सदस्य पं. राजेश शर्मा ने सुप्रसिद्ध कथा वाचक आचार्य हरिशरण वैष्णव जी के निज निवास पहुंचकर उनका आत्मीय अभिनंदन किया तथा शुभकामनाएं अर्पित करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर पं. राजेश शर्मा ने कहा कि आचार्य हरिशरण वैष्णव जी पिछले लगातार 33 वर्षों से सावन माह में बुढ़ेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में शिवमहापुराण कथा का दिव्य प्रवाह कर रहे हैं। उनके श्रीमुख से होने वाली कथा ने हजारों श्रद्धालुओं के जीवन में आध्यात्मिक चेतना, संस्कार और भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था का संचार किया है। यह धमतरी की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का गौरवपूर्ण अध्याय है।

उन्होंने कहा कि व्यास पूर्णिमा का पर्व गुरु परंपरा के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है और उनके मार्गदर्शन से ही समाज सही दिशा में आगे बढ़ता है। आचार्य हरिशरण वैष्णव जी का आध्यात्मिक योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान पं. राजेश शर्मा ने आचार्य श्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं उनके माध्यम से धर्म और संस्कृति के निरंतर प्रसार की कामना करते हुए उनके चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी व्यास पूर्णिमा के अवसर पर आचार्य श्री का सम्मान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

Author Desk

Related Articles

Back to top button