खेल

‘कैप नंबर 278… अब यहीं तक’: अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट को कहा अलविदा

‘कैप नंबर 278… अब यहीं तक’: अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट को कहा अलविदा

नई दिल्ली। भारत के अनुभवी बल्लेबाज और 2020-21 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में टीम इंडिया को ऐतिहासिक जीत दिलाने वाले अजिंक्य रहाणे ने गुरुवार (30 जुलाई) को क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा कर दी। इसके साथ ही उनका पेशेवर क्रिकेट करियर समाप्त हो गया। रहाणे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक भावुक वीडियो साझा करते हुए अपने फैसले की जानकारी दी। संन्यास की घोषणा करते हुए रहाणे ने लिखा, “कैप नंबर 278… अब यहीं तक। वर्षों तक मिले आपके प्यार और समर्थन के लिए दिल से धन्यवाद। मैं हमेशा आपका आभारी रहूंगा।”

रहाणे ने अपने शुरुआती संघर्षों को याद करते हुए कहा कि डोंबिवली के एक छोटे से लड़के के रूप में उन्होंने केवल अभ्यास करने के उद्देश्य से सफर शुरू किया था। उनका सपना भारत की कैप पहनना था और हर पारी उसी लक्ष्य को समर्पित रही। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा देश और टीम को खुद से ऊपर रखा और पूरी ईमानदारी के साथ क्रिकेट खेला।

अपने भावुक संदेश के अंत में रहाणे ने कहा, “अजिंक्य का मतलब होता है ‘अजेय’, लेकिन क्रिकेट ने मुझे कई बार हार दिखाई। टीम भी हारी, मुझसे भी गलतियां हुईं, लेकिन एक जगह मैं कभी नहीं हारा और वह आपके दिल थे। आपके प्यार, भरोसे और समर्थन के लिए धन्यवाद। कैप नंबर 278… अब यहीं तक।”

अजिंक्य रहाणे भारतीय क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। विशेष रूप से 2020-21 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में नियमित कप्तान विराट कोहली की अनुपस्थिति में उन्होंने टीम इंडिया की कप्तानी करते हुए ऑस्ट्रेलिया में ऐतिहासिक टेस्ट श्रृंखला जीत दिलाई थी, जिसे भारतीय क्रिकेट के सबसे यादगार अभियानों में से एक माना जाता है।

Author Desk

Related Articles

Back to top button